ढाई राज्यपाल और दो मुख्यमंत्रियों वाला अनूठा शहर…!!
ढाई राज्यपाल और दो मुख्यमंत्री…शीर्षक चौंकाता है न? वैसे, पत्रकारिता की पहली सीख यही है कि शीर्षक चौंकाने वाला या आश्चर्य चकित करने वाला हो ताकि पाठक आपकी ख़बर पढ़ने के लिए मजबूर हो जाए लेकिन यहां शीर्षक से ज्यादा कमाल का यह शहर है जो खुद आपको अपनी कहानी सुनाने के लिए मजबूर करता है।
अब तक मुख्यमंत्री पद पर एक से ज्यादा दावेदारियां, ढाई-ढाई के मुख्यमंत्री और कई उपमुख्यमंत्री जैसी तमाम कहानियां हम आए दिन समाचार पत्र-पत्रिकाओं में पढ़ते रहते हैं लेकिन कोई शहर अपने सीने पर बिना किसी विवाद के दो मुख्यमंत्रियों की कुर्सी रखे हो और उस पर तुर्रा यह कि मुख्यमंत्रियो से ज्यादा राज्यपाल हों तो उस शहर पर बात करना बनता है।
देश का सबसे सुव्यवस्थित शहर चंडीगढ़ वैसे तो अपने आंचल में अनेक खूबियां समेटे है लेकिन दो मुख्यमंत्री और ढाई राज्यपाल की खूबी इसे देश ही क्या दुनिया भर में अतिविशिष्ट बनाती है। जैसा की हम सभी जानते हैं कि चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा की राजधानी है इसलिए यहां पंजाब के मुख्यमंत्री भी रहते हैं तो हरियाणा के मुख्यमंत्री का भी सचिवालय है। अब जब मुख्यमंत्री दो हैं तो पंजाब और हरियाणा के राज्यपालों को मिलाकर राज्यपाल भी दो ही होंगे? लेकिन लेख का शीर्षक तो 'ढाई राज्यपाल' की बात कर रहा है तो फिर सवाल उठता है कि यह आधे राज्यपाल का क्या गणित है?
दरअसल चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा की राजधानी होने के साथ साथ केंद्रशासित प्रदेश भी है इसलिए यहां लेफ्टिनेंट गवर्नर भी होते हैं। चूंकि, अभी यह दायित्व भी पंजाब के राज्यपाल के पास है इसलिए हम उन्हें आम बोलचाल में समझने के लिए आधा राज्यपाल कह सकते हैं। वैसे, लेफ्टिनेंट गवर्नर के 'पॉवर' की बात करें तो कई मामलों में आधा राज्यपाल पूरे मुख्यमंत्री पर भारी पड़ता है और दिल्ली से बेहतर इसका ज्वलंत उदाहरण और क्या हो सकता है।
राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों के कारण चंडीगढ़ का सेक्टर एक और दो वीआईपी रुतबा रखते हैं पर इतना अहम शहर होने के बाद भी यहां 'वीआईपी मूवमेंट' हमारे शहरों की तरह परेशान नहीं करता बल्कि आम लोगों की आवाजाही के बीच वीआईपी भी समन्वय के साथ 'मूव' करते रहते हैं। वैसे चंडीगढ़ का इतिहास और दो मुख्यमंत्रियों वाला शहर बनने की कहानी तो हम सब जानते ही हैं कि आजादी के बाद कैसे पंजाब का एक हिस्सा पाकिस्तान चला गया और उसकी तत्कालीन राजधानी लाहौर भी। फिर शेष पंजाब,हरियाणा और हिमाचल को मिलाकर बने संयुक्त प्रांत की राजधानी के लिए 1953 में चंडीगढ़ बनाया गया। बताया जाता है कभी शिमला भी पंजाब की राजधानी थी। एक नवम्बर 1966 को पंजाब और हरियाणा अलग हो गए और इसके बाद, 1971 में हिमाचल प्रदेश का स्वतंत्र अस्तित्व वजूद में आ गया। हिमाचल को तो शिमला के रूप राजधानी की सौगात मिल गई परंतु हरियाणा और पंजाब का मन चंडीगढ़ पर अटक गया और महाभारत में द्रौपदी को पांच पांडवों को पत्नी का दर्जा मिला था तो चंडीगढ़ को दो राज्यों की राजधानी का गौरव। तब यही तय हुआ था कि हरियाणा के लिए अलग राजधानी मिलने तक चंडीगढ़ उसकी भी राजधानी बनी रहेगी। खास बात यह है कि छह दशक पूरे करने जा रहे इस शहर ने द्रौपदी की तरह कभी अपने आत्मसम्मान को खंडित नहीं होने दिया और अपने गौरव को हमेशा सर्वोपरि रखा है। शायद, इस शहर की खूबसूरती, व्यवस्थापन, पर्यावरण देखकर ही केंद्र सरकार का भी इस पर मन आया होगा और 1966 में उसने अपना एक प्रतिनिधि यहां बिठा दिया और इस तरह देश के खूबसूरत शहरों में से एक चंडीगढ़ दो मुख्यमंत्रियों और ढाई राज्यपालों का अनूठा शहर बन गया।
#Chandigarh #CityOfBeauty #Rock Garden
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें