mandi लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
mandi लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 14 अगस्त 2026

हिमाचल की पर्वत चोटियों पर राष्ट्रीय ध्वज की अनूठी उड़ान।

#Dron #तिरंगा #Tiranga

हिमाचल प्रदेश में कभी डाकिया पहाड़ों की पगडंडियों पर चिट्ठियों का थैला कंधे पर लादकर चलता था। तब किसी गांव में महीनों बाद बेटे की चिट्ठी पहुंचती थी तो किसी घर में शहर से हफ्तों पहले चला मनीऑर्डर कई दिन बाद चेहरे पर मुस्कान ला पाता था लेकिन इस साल 14 अगस्त को हिमाचल की पहाड़ियों में कुछ ऐसा हुआ, जिसने डाक विभाग और आसमान के रिश्ते को एक नया अर्थ दे दिया।

हिमाचल के मंडी के प्रधान डाकघर से एक ड्रोन ने ऐतिहासिक उड़ान भरी। ऐतिहासिक इसलिए क्योंकि इस उड़ान में कोई साधारण पार्सल नहीं था बल्कि उसमें था- भारत का गौरव, देश की आन-बान-शान तिरंगा..और उसकी मंजिल थी मंडी का रेहड़ाधार डाकघर। यह भारत में पहली बार था, जब इंडिया पोस्ट ने ड्रोन के जरिए तिरंगे की डिलीवरी की।

मंडी प्रधान डाकघर से ड्रोन ने जैसे ही उड़ान भरी, मानो डाक विभाग के पुराने लाल डिब्बों और चिट्ठियों की दुनिया ने डिजिटल युग में एक नई करवट ले ली। ड्रोन जब रेहड़ाधार पहुंचा तो वहां डाक विभाग की टीम पहले से इंतजार कर रही थी। उसने तिरंगे का पार्सल प्राप्त किया और फिर उसे एक पूर्व सैनिक भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पूर्व मानद सूबेदार मेजर करतार सिंह को सौंपा गया। इस ऐतिहासिक सफ़र के बाद तिरंगे का एक सैनिक के हाथों पहुंचना इस पूरी कहानी को और भावुक बना गया। एक तरफ देश की सीमाओं की रक्षा करने वाला पूर्व सैनिक और दूसरी तरफ देश की दूर-दराज की बस्तियों तक सेवा पहुंचाने वाला डाक विभाग, दोनों एक ही तिरंगे के नीचे जैसे एक कहानी के दो अध्याय बन गए। सही मायनों में डाक सेवा के लिए यह पगडंडी से आसमान तक की अनूठी यात्रा थी।

Dron_himachal_mandi_tiranga
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हुई यह उड़ान महज कुछ किलोमीटर की तकनीकी यात्रा नहीं थी बल्कि यह उस सोच की उड़ान थी, जिसमें पहाड़ों की मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों को तकनीक के सहारे पार करने का संकल्प दिखाई देता है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने इस ऐतिहासिक पहल का वर्चुअल उद्घाटन किया। 

हम सभी जानते हैं कि ड्रोन कठिन पहाड़ी रास्तों, सड़क की दूरी और परिवहन संबंधी चुनौतियों को पार करते हुए सीधे अपनी मंजिल तक पहुंच सकता है। यही कारण है कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में ड्रोन आधारित डाक परिवहन की संभावनाएं विशेष महत्व रखती हैं। हिमाचल प्रदेश में कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां सड़कें लंबी, रास्ते कठिन और मौसम चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में ड्रोन तकनीक डाक और सार्वजनिक सेवाओं की अंतिम छोर तक पहुंच को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

जानकारी के मुताबिक, डाक विभाग ने हिमाचल प्रदेश और असम में 150 चिन्हित मार्गों पर ड्रोन आधारित डाक परिवहन शुरू करने की योजना बनाई है। यह केवल डाक पहुंचाने की तकनीक नहीं है। भविष्य में यही तकनीक उन इलाकों में समय और संसाधन बचाने का माध्यम बन सकती है, जहां सड़क मार्ग से पहुंचने में अधिक समय लगता है।

वैसे भी, इंडिया पोस्ट की पहचान अब सिर्फ चिट्ठियों और डाक टिकटों तक सीमित नहीं रही है। देश के दूर-दराज के इलाकों में उसकी मौजूदगी लंबे समय से जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अब उसी ‘डाक सेवा, जन सेवा’ की भावना को ड्रोन तकनीक ने नए पंख लगा दिए हैं।


इस पहल की सबसे खूबसूरत तस्वीर यह है कि जिस तिरंगे को हम स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों की छतों पर लहराते देखते हैं, वही तिरंगा ‘हर दिल तिरंगा, हर घर तिरंगा’ की भावना के अनुरूप इस बार हिमाचल की पहाड़ियों के ऊपर से उड़ता हुआ डाकघर तक पहुंचा। मंडी से रेहड़ाधार की यह उड़ान इसलिए भी याद रखी जाएगी क्योंकि इसमें तीन चीजें एक साथ दिखाई दीं-तिरंगा, तकनीक और त्वरित सेवा।

एक तरफ 150 साल की ‘वंदे मातरम्’ की विरासत का स्मरण, दूसरी तरफ विकसित भारत का तकनीकी सपना और बीच में हिमाचल की पहाड़ियों के ऊपर उड़ता हुआ तिरंगा..इसीलिए यह सिर्फ ड्रोन की उड़ान नहीं थी बल्कि यह उस भारत की उड़ान थी, जो अपनी विरासत को सीने से लगाकर तकनीक के पंखों पर भविष्य की नई इबारत लिख रहा है।

#drone #tricolour #तिरंगा #tiranga #postal #डाक विभाग @highlight @everyone

हिमाचल की पर्वत चोटियों पर राष्ट्रीय ध्वज की अनूठी उड़ान।

हिमाचल प्रदेश में कभी डाकिया पहाड़ों की पगडंडियों पर चिट्ठियों का थैला कंधे पर लादकर चलता था। तब किसी गांव में महीनों बाद बेटे की चिट्ठी पहु...