गुरुवार, 30 अप्रैल 2026

...सुकून संक्रामक है !!

एक दिन पत्नी ने यूँ ही सामान्य रूप से कहा,

“सुनो, मैं थोड़ी देर के लिए अपनी दोस्त के साथ बाहर जा रही हूँ।”


पति, जो अपने फोन में व्यस्त था, बस हल्का सी नजर उठाकर बोला,

“ठीक है। मज़े करना।”


पत्नी थोड़ी हैरान रह गई। आमतौर पर वह पूछता—“ज़रूरी है क्या?” “इतनी देर क्यों?” “जल्दी आना।”

लेकिन उस दिन—कुछ नहीं। न कोई सवाल, न कोई नाराज़गी—बस एक शांत “ठीक है।”


कुछ घंटों बाद, उनका किशोर बेटा रसोई में आया। उसके हाथ में एक पेपर था, चेहरा फीका पड़ा हुआ।

“पापा,” उसने धीरे से कहा, “मेरे मॉक एग्ज़ाम के रिज़ल्ट आ गए… और बहुत खराब हैं।”


वह वहीं खड़ा रह गया, डांट के लिए तैयार। उसे पता था कि पापा हमेशा पढ़ाई को लेकर चिंतित रहते हैं, और अब लंबा लेक्चर मिलेगा।


लेकिन पापा ने शांत स्वर में कहा,

“ठीक है।”


बेटा हैरान होकर बोला,

“बस… ठीक है?”


“हाँ,” उन्होंने नरमी से कहा।

“अगर तुम ज्यादा पढ़ोगे तो अगली बार बेहतर करोगे। नहीं पढ़ोगे तो शायद सेमेस्टर दोहराना पड़े। फैसला तुम्हारा है। मैं हर हाल में तुम्हारा साथ दूँगा।”


बेटा स्तब्ध रह गया। पापा इतने शांत कब से हो गए?


अगले दिन, उनकी बेटी घबराते हुए अंदर आई।

“पापा… मैंने कार को टक्कर मार दी। बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन डेंट पड़ गया है।”


पिता ने न डांटा, न गुस्सा किया। बस बोले,

“ठीक है। कल गाड़ी वर्कशॉप ले जाना।”


बेटी ठिठक गई।

“आप… गुस्सा नहीं हैं?”


वह हल्के से मुस्कुराए,

“गुस्सा करने से कार ठीक नहीं होगी। अगली बार ध्यान रखना।”


अब घर के सभी लोग परेशान थे। यह वही आदमी था—पति, पिता—जो पहले जल्दी गुस्सा हो जाता था, हर बात पर तनाव लेता था।

अब वह शांत, स्थिर और संतुलित लग रहा था।


आख़िरकार, उस शाम सबने उसे बैठाकर पूछा।


पत्नी ने कहा,

“सुनो, तुम बहुत बदल गए हो। हर बात पर शांत रहते हो। सब ठीक है ना?”


उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा,

“सब बिल्कुल ठीक है। बस मैंने एक बात समझ ली है।”


सब चुप हो गए।


उन्होंने कहा,

“कई सालों बाद मुझे समझ आया कि हर इंसान अपनी ज़िंदगी के लिए खुद ज़िम्मेदार है।”


पत्नी ने पूछा,

“मतलब?”


उन्होंने हाथ जोड़कर कहा,

“पहले मैं हर चीज़ की चिंता करता था—तुम देर से आओ तो चिंता, बच्चों के कम नंबर आएँ तो अपराधबोध, कुछ टूट जाए तो गुस्सा, कोई दुखी हो तो उसे ठीक करने की कोशिश। मैं सबकी समस्याओं को अपनी समस्या बना लेता था।

लेकिन एक दिन समझ आया—मेरी चिंता उनकी समस्या हल नहीं करती, बस मेरी शांति छीन लेती है।”


सभी चुपचाप सुन रहे थे।


उन्होंने आगे कहा,

“मेरा तनाव तुम्हारी मदद नहीं करता। मेरी परेशानी तुम्हारी ज़िंदगी आसान नहीं बनाती—बस मेरी मुश्किल बढ़ाती है।

मैं तुम्हें सलाह दे सकता हूँ, प्यार दे सकता हूँ, साथ दे सकता हूँ।

लेकिन तुम्हारी ज़िंदगी मैं नहीं जी सकता। तुम्हारे फैसलों के परिणाम—अच्छे या बुरे—तुम्हें ही झेलने होंगे।”


थोड़ी देर रुककर उन्होंने फिर कहा,

“इसलिए मैंने तय किया—मैं उस चीज़ को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं करूँगा, जो मेरे नियंत्रण में नहीं है।”


बेटे ने पूछा,

“तो… अब आपको हमारी परवाह नहीं है?”


उन्होंने मुस्कुराकर कहा,

“परवाह है। लेकिन परवाह और नियंत्रण में फर्क होता है।

मैं तुमसे प्यार कर सकता हूँ, तुम्हारा साथ दे सकता हूँ—लेकिन अपनी शांति खोकर नहीं।”


कमरे में सन्नाटा छा गया।


उन्होंने प्यार से सबकी ओर देखते हुए कहा,

“मेरा काम है तुम्हें प्यार देना, मार्गदर्शन करना, ज़रूरतें पूरी करना और साथ देना।

लेकिन तुम्हारा काम है अपनी ज़िंदगी संभालना, फैसले लेना और उनके परिणाम स्वीकार करना।

इसी तरह इंसान सीखता है।”


उन्होंने शांत स्वर में जोड़ा,

“अब जब कुछ गलत होता है, तो मैं खुद को याद दिलाता हूँ—यह मुझे ठीक नहीं करना है। मैं शांत रहूँगा और भरोसा करूँगा कि तुम इससे सीखोगे। क्योंकि जिंदगी ऐसे ही सिखाती है।”


कुछ देर तक घर में पूरी शांति रही। लेकिन माहौल बदल चुका था।


बेटा खुद पढ़ने बैठ गया—डांट के डर से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी समझकर।


बेटी ने खुद कार ठीक करवाने की जिम्मेदारी ली और इंश्योरेंस की प्रक्रिया समझी।


पत्नी ने घर के कामों को और समझदारी से संभालना शुरू किया—मजबूरी में नहीं, बल्कि अपनी इच्छा से।


धीरे-धीरे घर हल्का लगने लगा।


अब कोई डर से नहीं, समझ से काम करता था।

किसी को डांट का भय नहीं था।


क्योंकि जब एक इंसान शांति चुनता है, तो वह पूरे घर में फैलती है। जब एक व्यक्ति नियंत्रण छोड़ देता है, तो दूसरे खुद को संभालना सीख जाते हैं। और इस तरह—शांति फैलती है, ठीक वैसे ही जैसे प्यार।


दूसरों को गुस्से, दबाव या अधिकार से नियंत्रित करने की कोशिश मत करो।

खुद जिम्मेदार बनो और दूसरों को उनकी जिम्मेदारी समझने में मदद करो।

(अंग्रेजी की मूल पोस्ट का हिंदी संस्करण)

सोमवार, 27 अप्रैल 2026

गोबर 300 रुपए किलो और कंडे 9999 रुपए के..!!

चौंकिए मत और न ही यह तस्वीर देखकर नाक मुंह बनाइए… क्योंकि अब दूध,दही और पनीर से भी महंगा मिल रहा है गोबर.. जी हां, जिस गोबर को आप हम बिना गौमाता या गाय के मालिक की सहमति के मनचाही मात्रा में उठा लाते हैं,वह ऑनलाइन 299 रुपए किलो बिक रहा है। 

ऑनलाइन वेबसाइट फ्लिपकार्ट पर गाय का गीला गोबर इसी दाम पर उपलब्ध है। दरअसल, जब ऑनलाइन वेबसाइट पर दूसरे उत्पाद तलाशते हुए मेरी इस बहुमूल्य और बेशकीमती गोबर पर नज़र गई तब कंपनी ग्राहकों पर मेहरबानी दिखाते हुए 5 फीसदी छूट दे रही थी और यह मात्र 283 रुपए में उपलब्ध था..हालांकि, मजेदार बात यह भी है कि दाम में महज पांच फीसदी की कमी होते ही यह आउट ऑफ स्टॉक हो गया। मतलब, गीले गोबर के कद्रदान कम नहीं हैं।

कंपनी का कहना है कि यह गीला गोबर (Wet Cow dunk) धार्मिक कार्यों और बागवानी के लिए सर्वथा उपयुक्त है। उन्होंने बताया कि आप इसका इस्तेमाल भगवान की पूजा, गणेश चतुर्थी में, हवन में और पेड़ पौधों में बखूबी कर सकते हैं। कंपनी इसे लीक प्रूफ पैक में भेजेगी जिससे यह गीला ही आप तक आए। वैसे, कोई एक नहीं बल्कि तमाम वेबसाइट लगभग इसी कीमत पर गीला गोबर बेच रही है और सभी अपने अपने गोबर के सबसे शुद्ध होने का दावा भी कर रहे हैं।

हालांकि, इंडियामार्ट जैसी साइट गिर गाय का गोबर 30 रुपए किलो की दर पर बेच रही है लेकिन कंपनी 25 किलो से कम गोबर नहीं देती। यह भी करीब 750 रुपए में पड़ेगा। अब पूजा में इतना गोबर तो लगेगा नहीं इसलिए आप इतने गोबर के खुद कंडे बनाओ या पड़ोसियों को बनाने के लिए दो, आपकी मर्जी। जहां तक सूखे गोबर की बात है तो यह खाद के रूप में बहुतायत में और जेब के अनुकूल दाम पर तमाम जगह मिल जाता है लेकिन गीले गोबर के दाम जरूर चौंकाते हैं।

आमतौर पर गोबर के कंडे/उपले या काऊ डंक केक तो ऑनलाइन साइट पर बड़ी संख्या में उपलब्ध हैं। कई तो इतने सजावटी आकार प्रकार और पैकिंग में मिलते हैं कि लगता है उन्हें ड्राइंग रूम में सजाने के लिए बेचा जा रहा है…एक सी मोटाई के बिल्कुल गोल,साफ सुथरे कंडे। हालांकि इनकी कीमत में किसी बटर नान से कम नहीं होती।

 मसलन पूरी के आकार के खूबसूरत  36 कंडे 249 रुपए में मिल जाएंगे। वैसे, गोबर-कंडे तलाशने की मुहिम में अमेजन पर उपलब्ध कंडों के दाम ने तो समझो डरा ही दिया। यहां 9999 रुपए में 211 कंडे बिक रहे हैं। कंपनी का दावा है कि ये धूप में ही सुखाए गए हैं (जैसे हमारे यहां कंडे ओवन में सूखते हैं), केमिकल फ्री हैं और बहुत देर तक जलते रहते हैं। 

कंपनी आम ग्राहकों पर मेहरबानी करते हुए इन्हें फिलहाल 65 फीसदी डिस्काउंट पर मात्र 3499 रुपए में बेच रही है। वैसे, कहीं 71 रुपए का एक कंडा और कहीं चार से छह कंडे के पैक भी अलग अलग कीमतों पर उपलब्ध हैं..कुल मिलाकर, ऑनलाइन वेबसाइट पर कंडों का बाज़ार भरपूर फल फूल रहा है। जैसे जैसे एकल परिवारों, ऑनलाइन पंडित और असुरक्षा का भाव बढ़ रहा है..धार्मिक सामग्री के ऑनलाइन भाव भी बढ़ते जा रहे हैं।

गोबर/कंडे के बढ़ते भाव पर जब मैने एआई से ज्ञान लिया तो उसका कहना है कि ऑनलाइन गीले गोबर और कंडों की मांग बढ़ने के पीछे मुख्य कारण ऑर्गेनिक खेती का ट्रेंड, देश एवं विदेशों में बढ़ती जरूरत, धार्मिक उपयोग, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और कचरे से कमाई का नया मॉडल है।उसके मुताबिक जो चीज पहले बेकार मानी जाती थी, अब वही “ग्रीन गोल्ड” बन गई है।


गुरुवार, 23 अप्रैल 2026

“अयोध्या 22 जनवरी": अयोध्या के बारे में जानकारीपूर्ण, दिलचस्प, विस्तृत और विचारोत्तेजक विवरण

           ।।विश्व पुस्तक दिवस पर विशेष।। 

“अयोध्या 22 जनवरी" पुस्तक में, लेखक संजीव शर्मा पाठकों को भारतीय इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण तिथियों में से एक के माध्यम से एक मनोरंजक यात्रा पर ले जाते हैं और कुशलता से अयोध्या की मनोरम जानकारी से परिचित कराते हैं। यह पुस्तक 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर के ऐतिहासिक उद्घाटन से पहले और उसके बाद की घटनाओं की व्यापक समझ प्रदान करती है। 'अयोध्या 22 जनवरी' पुस्तक की कथावस्तु अयोध्या को आकार देने वाले सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य का एक विचारशील अन्वेषण है। पुस्तक में कहानी कहने का ढंग इतना आकर्षक है कि यह विद्वानों से लेकर अयोध्या की जटिलताओं से अपरिचित लोगों दोनों के लिए सरल भाषा और रोचक शैली में सामग्री उपलब्ध कराती है। पुस्तक की भाषा लेखक की पहली किताब ‘चार देश चालीस कहानियां’ की तरह रोचक और सरल दोनों है । अयोध्या के बारे में जानकारीपूर्ण, दिलचस्प, विस्तृत और विचारोत्तेजक विवरण चाहने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए अत्यधिक अनुशंसित पुस्तक।


“अयोध्या22जनवरी” पर कुछ पाठकों की प्रतिक्रिया 

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय भोपाल के तत्कालीन कुलगुरू प्रोफ़ेसर K G Suresh ने कहा:

“ #अयोध्या22जनवरी एक संग्रहणीय पुस्तक है, विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ साथ सभी को पढ़नी चाहिए।”

वरिष्ठ पत्रकार और जाने माने कला समीक्षक Girija Shanker जी ने कहा:

“करंट विषय पर तत्काल किताब लिखना चैलेंजिंग होता है। #ayodhya22january  अपनी शैली की अलग किताब है जो अयोध्या पर बेस मैटेरियल का काम करेगी।”

भारतीय जनसंचार संस्थान के पूर्व महानिदेशक प्रो Sanjay Dwivedi  ने कहा:

“आकाशवाणी, भोपाल के समाचार संपादक श्री संजीव शर्मा की नई किताब #अयोध्या22जनवरी अयोध्या प्रसंग को समझने में मदद करती है। किताब को भोपाल के लोक प्रकाशन ने प्रकाशित किया है। उम्मीद है किताब पाठकों का प्यार पाएगी।”

वरिष्ठ पत्रकार और बी एस टीवी न्यूज चैनल के प्रमुख Pravin Dubey  ने कहा:

“पौराणिक और वर्तमान के सन्दर्भों को एक साथ पिरोकर बेहतरीन किताब की शक्ल में लिखा है Sanjeev Sharma जी ने...नाम है #अयोध्या22जनवरी......यदि सिर्फ इतिहास होता तो शायद बोझिल हो जाता...या सिर्फ वर्तमान की घटनाएं होती तो वो शायद आँखों देखी जैसा रिपोर्टर टाइप वर्णन हो जाता... चूँकि वे बेहतरीन पत्रकार होने के साथ साथ अच्छे लेखक भी हैं....उन्हें क़िस्सागोई भी आती है और यथार्थ का चित्रण भी..ज़ाहिर है कि ऐसे में  वो संदर्भ भी प्रस्तुत करते हैं तो प्रवाह के साथ...यदि आपने अब तक इस किताब को नहीं पढ़ा है तो पढ़िए...इसलिए भी पढ़िए कि आपका तादाम्य ये प्रभु से भी स्थापित करेगी और आपको इस सदी के सबसे बड़े धार्मिक घटनाक्रम का साक्षी भी बनाएगी.. “


संचार विशेषज्ञ, लेखक और व्यंग्यकार Sanjeev Persai ने लिखा:

#अयोध्या22जनवरी, पुस्तक रामलला की प्राणप्रतिष्ठा और मंदिर निर्माण की जानकारियों को समाहित करके लाया गया संभवतः देश का प्रथम दस्तावेज है। ये सच है कि राममंदिर का प्रिंट और इलेक्ट्रोनिक मीडिया ने जरूरत से ज्यादा कवरेज किया। लेकिन इस कवरेज में अधिकतर, जरूरत का था ही नहीं। यह पुस्तक राम मंदिर और 22 जनवरी की ऐतिहासिक घटना का विस्तारपूर्वक विवरण आपको देती है। इसमें दर्ज घटनाएं, जानकारियां, विवरण, उनकी पृष्ठभूमि पढ़ते पढ़ते आप रोमांचित भी होते हैं और यदा कदा आश्चर्यचकित भी।“

जाने माने कमेंट्रेटर और समाचार वाचक Prashant Singh Sengar  ने लिखा है:

#अयोध्या22जनवरी ....बड़ी बधाई के पात्र हैं संजीव जी..। बहुत खूब रचना है यह..। इसमें न केवल भगवान श्रीराम, न केवल अयोध्या और न ही केवल अलौकिक श्रीराम मंदिर के बारे में व्यवस्थित तरीके से जानकारी दी गई है बल्कि भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण से देश में उपजने वाली संभावनाओं और देश को सैंकड़ो वर्षो बाद मिली अकल्पनीय भावनात्मक उपलब्धि को भी प्रदर्शित किया गया है” । 

सामाजिक और संचार विशेषज्ञ,पत्रकार,कार्टूनिस्ट और अपनी लेखनी से गुदगुदाने  वाले लेखक श्री Sanjay Saxena ने लिखा:

“यह पुस्तक आने वाली पीढ़ी के लिए  ऐतिहासिक प्रसंग को महसूस करने का जरिया साबित होगी। इसलिए #अयोध्या22जनवरी किताब को हर परिवार को खरीद कर रखना चाहिए। ताकि संपत्ति के साथ, विचारों को भी विरासत के रूप में सौपा जा सके।"

 समाचार वाचक और प्रेजेंटर Dharana Sachdev ने लिखा है:

#अयोध्या22जनवरी एक ऐतिहासिक दिन, उस पर यह भावपूर्ण, अति सुंदर रचना, निश्चय ही सहेजने योग्य, एक ऐतिहासिक दस्तावेज की तरह है। निश्चित तौर पर सभी आयु वर्ग के पढ़ने योग्य अनमोल-अद्भुत संग्रह है। A real treasure.”

हरियाणा के Govt. PG College, Hisar में न्यूक्लियर फिजिक्स विभाग के प्रमुख रहे और इसी विषय से डॉक्टरेट करने वाले प्रोफेसर डॉ राधा कृष्ण ग्रोवर ने लिखा है:

“ये किताब सभी के लिए एक अनमोल तोहफ़ा है।  "A Real Historical Document"। श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों को जिस प्रासंगिकता के साथ हर चैप्टर में जो जोड़ा गया है, भाषा का ज्ञान व इस्तेमाल, ये सभी लेखन की खूबियों और बारीकियों को दर्शाता है। इस सब के लिए लेखक संजीव शर्मा अभिवादन और शुभकामनाओं के योग्य हैं।"

सहायक ज़िला आबकारी अधिकारी से रिटायर हुए श्री डी पी सिंह ने तो आर के नारायण के समकक्ष खड़ा कर दिया। उन्होंने बताया:

“अभी #अयोध्या22जनवरी के साथ, आर के नारायण की भी एक बुक पढ़ रहा हूं…दोनो बहुत टक्कर के लेखक हैं । अयोध्या और मौजूदा घटनाक्रम का बहुत अच्छा विस्तृत वर्णन है..बहुत अच्छा लिखा है।”

बनखेड़ी से श्री रमेश  कुमार शर्मा जी ने अपनी प्रतिक्रिया में लिखा है:

"बहुत अच्छा  उच्चतम कोटि का संकलन है। मानस की चौपाइयां को अयोध्या से जोड़ते हुए तुमने बहुत पुनीत कार्य किया है। पुस्तक में अयोध्या की सारी जानकारियां प्रमुख रूप से दी गई है, जो बहुत कम लोग जानते है।..मैने इस पुस्तक को एक ही बार में लगभग 2 से 3 घंटों में पढ़ा । ईश्वर, तुम्हारी लेखनी को इसी तरह और शानदार बनाये रखे।"

#अयोध्या22जनवरी पुस्तक पर ये चुनिंदा प्रतिक्रियाएं हैं। वैसे, प्रतिक्रियाएं तो खूब मिली हैं और समीक्षाएं और सराहना भी,इतनी कि भविष्य में एक अलग किताब बन जाए। यदि आप भी #Ayodhya22January पढ़ना चाहते हैं तो इनमें से किसी भी माध्यम से हासिल कर सकते हैं।

*Amazon*

https://amzn.eu/d/8SLowzP

*Kindle*

https://amzn.eu/d/09eROJy

*Google Play Store*

https://play.google.com/store/books/details?id=F-r4EAAAQBAJ


मंगलवार, 21 अप्रैल 2026

क्या है ओल्ड मंक, जनरल डायर और देवभूमि का रिश्ता..!!


आजादी की लड़ाई की सबसे निर्मम घटना जलियांवाला बाग हत्याकांड के लिए जिम्मेदार क्रूर ब्रिटिश अधिकारी जनरल डायर का देवभूमि हिमाचल प्रदेश से क्या संबंध है? इसी तरह, भारत सहित दुनिया भर में मशहूर रम ‘ओल्ड मंक’ का देवभूमि से क्या रिश्ता है?..और इस सबसे जरूरी सवाल कि जनरल डायर,ओल्ड मंक एवं हिमाचल प्रदेश आपस में कैसे जुड़े हैं? 

सबसे पहले बात ओल्ड मंक की। रम का पर्याय यह ब्रांड अपनी विरासत, विशिष्ट स्वाद और कम हैंगओवर के लिए भारत ही नहीं दुनिया के 50 से ज्यादा देशों में लोकप्रिय है। वर्ष 2024-25 में ओल्ड मंक ने लगभग 1.3 करोड़ पेटी की बिक्री की जो प्रतिद्वंद्वी ब्रांड से बहुत ज़्यादा हैं लेकिन यह बात कम लोग ही जानते होंगे कि ‘बूढ़े साधू’ यानि ओल्ड मंक का जन्म देवभूमि हिमाचल प्रदेश में हुआ है। आज करीब 70 साल बाद भी यह डार्क रम सेगमेंट में मार्केट लीडर है। कंपनी की कुल बिक्री का 80 फ़ीसदी हिस्सा इसी ब्रांड से आता है।

अब रही जनरल डायर के हिमाचल कनेक्शन की बात तो ओल्ड मंक ब्रांड ने जिस डिस्टिलरी या ब्रूअरी में जन्म लिया है,उसकी स्थापना जनरल डायर के पिता ने ही की थी और यह ब्रूअरी हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित है। इसतरह खूंखार एवं निर्मम जनरल डायर के पिता द्वारा देवभूमि में स्थापित ब्रूअरी में दुनिया के इस मशहूर रम ब्रांड ने जन्म लिया और अपनी जन्मदाता कंपनी की कमाई को कई गुना बढ़ा दिया। लेकिन, इसके पीछे की कहानी इतनी सरल नहीं है। इसमें सालों की मेहनत, रिसर्च, सोच और पीढ़ीगत बदलाव की अहम भूमिका है। हम सभी जानते हैं कि अब ओल्ड मंक किसी परिचय की मोहताज नहीं है लेकिन इस ब्रांड की शुरुआत में भी कंपनी को कभी प्रचार करने की जरूरत नहीं पड़ी। इससे भी 

मजेदार बात यह है कि इस लोकप्रिय ब्रांड के पीछे एक ऐसी विरासत है जो स्क्रैप और खाली बोतलों की सप्लाई से लेकर भारत के सबसे बड़े शराब कारोबारी बनने तक के सफर की कहानी है। 

जानकारी के मुताबिक ब्रिटिश फौज को सस्ती बीयर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 1855 में एडवर्ड डायर ने हिमाचल प्रदेश के कसौली में एशिया की सबसे पहली ब्रूअरी स्थापित की। इसको  'डायर ब्रूअरी' नाम दिया गया।  यहां एशिया की सबसे पहली बीयर 'लॉयन' बनाई जाती थी। यह बीयर इतनी पसंद की गई कि यह धीरे धीरे उस दौर की शाही दावतों का हिस्सा बन गई । 

‘लॉयन’ की सफलता से उत्साहित 'डायर ब्रूअरी' ने कसौली के करीब एवं हिमाचल प्रदेश के ही सोलन में 1920 में शराब बनाने के लिए दूसरा कारखाना स्थापित किया। यह ब्रूअरी ब्रिटिश उद्योगपति एच जी मीकिन के साथ साझेदारी में स्थापित की गई थी इसलिए इसका नाम डायर मीकिन ब्रूअरी रखा गया। इन दोनों शराब कारखानों के संस्थापक एडवर्ड अब्राहम डायर थे जो जनरल डायर के नाम से कुख्यात ब्रिगेडियर जनरल रेजिनाल्ड एडवर्ड हैरी डायर के पिता थे। 


दरअसल, इस इलाके का पानी और उसका स्वाद कुछ खास है और शराब उत्पादन के लिए बहुमूल्य भी। अंग्रेज व्यवसायियों डायर और मीकिन को भी शायद यह जानकारी थी इसलिए उन्होंने इस जिले को बीयर एवं शराब बनाने के चुना । बताया जाता है कि यह पानी करोल पर्वत से बहकर नीचे को आता है। करोल पर्वत को करोल टिब्बा भी कहा जाता है। यह हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर की सबसे ऊंची चोटी है, जिसकी समुद्र तल से ऊंचाई लगभग 7,349 फीट है।

उधर, जब देश में स्वतंत्रता के लिए संघर्ष ने जोर पकड़ा तो आजादी की लड़ाई का असर मौजूदा हिमाचल प्रदेश में भी दिखने लगा इसलिए अंग्रेजों की रुचि इन कारखानों में घटने लगी और 1947 में भारत के स्वतंत्र होते ही डायर और मीकिन के परिजनों ने कसौली तथा सोलन के कारखानों से पल्ला झाड़ लिया। उस दौर में एक भारतीय व्यवसायी नरेंद्र नाथ मोहन भी थे जो स्क्रैप और खाली बोतलों का व्यापार करते थे। करोल पर्वत के पानी की खासियत नरेंद्र नाथ मोहन भी बखूबी जानते थे और वे भी शराब कारोबार में उतरना चाहते थे।


इसलिए, जब नरेंद्र नाथ मोहन को पता चला कि अंग्रेज इन शराब कारखानों को बेचना चाहते हैं तो उन्होंने खरीदने में ज़रा भी देर नहीं की। देश के स्वतंत्र होते ही, दो साल के भीतर 1949 में नरेंद्र नाथ मोहन ने अंग्रेजों से डायर मीकिन ब्रूअरी खरीद ली। 1966 में इसका नाम बदलकर मोहन मीकिन लिमिटेड कर दिया गया। मोहन मीकिन आज किसी परिचय की मोहताज नहीं है। फुटबॉल की इसी नाम की टीम बहुत मशहूर रही है। कंपनी का कारोबार अब केवल शराब तक सीमित नहीं है। यह फलों के जूस, ब्रेकफास्ट सीरियल्स और मिनरल वाटर जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भी सक्रिय है।

नरेंद्र नाथ मोहन के निधन के बाद उनके बेटे कर्नल वेद रतन मोहन ने कंपनी को आधुनिक रूप दिया। 1950 के दशक में उन्होंने नई दिल्ली और गाजियाबाद में नई यूनिटें शुरू की और इसी दौर में 'ओल्ड मंक' का जन्म हुआ। आधिकारिक तौर पर इसे 19 दिसंबर 1954 को लॉन्च किया गया था। बताया जाता है कि वेद रतन मोहन ब्लैक मॉन्क्स (बेनेडिक्टिन मॉन्क्स) की सादगी और अनुशासन से बहुत प्रभावित थे इसलिए उन्होंने रम के अपने नए ब्रांड का नाम 'ओल्ड मंक' रखा।  ऐसा कहा जाता है कि इसका नाम उन भिक्षुओं से प्रेरित है, जो अपनी गुफाओं में शराब को लंबे समय तक सहेज कर रखते थे।

वेद रतन मोहन के निधन के बाद उनके भाई ब्रिगेडियर कपिल मोहन ने कंपनी की कमान संभाली। वे प्रादेशिक सेना में ब्रिगेडियर थे। ब्रिगेडियर कपिल मोहन की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि उन्होंने 'ओल्ड मंक' का कभी विज्ञापन नहीं किया। उनका मानना था कि उत्पाद की गुणवत्ता ही उसका सबसे बड़ा विज्ञापन है। ब्रिगेडियर कपिल मोहन ने लगभग 40 वर्षों तक कंपनी का नेतृत्व किया और इसे वैश्विक पहचान दिलाई। 


हालांकि 'ओल्ड मंक' को उनके भाई वेद रतन मोहन ने लॉन्च किया था, लेकिन इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध करने का श्रेय ब्रिगेडियर कपिल मोहन को जाता है। उनके नेतृत्व में यह दुनिया की तीसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली रम बनी। मजेदार तथ्य यह भी है कि पूरी दुनिया को रम पिलाने वाले कपिल मोहन खुद चाय प्रेमी थे। उन्होंने कभी शराब को हाथ नहीं लगाया। वे समाज सेवा में भी काफी सक्रिय रहे और सोलन में बना अनूठा मोहन मीकिन विरासत पार्क कपिल मोहन की ही कल्पना का प्रतिबिंब है।

शनिवार, 18 अप्रैल 2026

क्या है प्री 42, सेटलर और 10 इयर्स की कहानी..!!


प्री 42, सेटलर, 10 इयर्स और 2003/04 को पढ़कर आपके दिमाग में क्या आ रहा है? यही न, की यह कोई गणितीय पहेली है लेकिन हकीकत यह है कि यह कोई गणित का जोड़ घटाना नहीं बल्कि सुविधाएं प्रदान करने की सीमा है। वैसे, इन संख्याओं को देखकर मुझे भोपाल के बस स्टॉप की याद जरूर आ गई क्योंकि मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बस स्टॉप के नाम नहीं बल्कि नंबर हैं। यहां 6 नंबर, 7 नंबर, 10 नंबर, 11 नंबर जैसे दसियों बस स्टॉफ हैं । अब तो बस स्टॉप के नामों की संख्या पौने छह, सवा छह और साढ़े छह तक पहुंच गई है। 
खैर, अभी बात इस लेख में दी गई संख्याओं की करते हैं। आमतौर पर देश में आरक्षण या सुविधाएं देने के लिए आबादी, अनुसूचित जाति या जनजाति जैसे अलग अलग आधारों का सहारा लिया जाता है लेकिन हमारे देश में एक राज्य ऐसा भी है जहां लोगों को सुविधाएं या सुविधाओं में आरक्षण प्रदान करने के लिए वर्ष को आधार बनाया गया है। यह है अंडमान और निकोबार द्वीप समूह..जहां  स्थानीय लोगों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वर्ष मुख्य आधार है।


मुझे लगता है कि अब आप शायद बात को कुछ कुछ समझने लगे होंगे। फिर भी और सहज भाषा में समझे तो प्री 42, सेटलर या इसी तरह के अन्य आधार यहां मूल निवासी तय करने के लिए निर्धारित किए गए हैं। जो जितना पुराना होगा उसे मूल निवासी के हिसाब से उतनी ज्यादा सुविधाएं मिलेंगी। दरअसल,अंडमान और निकोबार द्वीप समूह भारत का एक अनोखा संघ राज्य क्षेत्र है, जहाँ करीब 836 द्वीपों में से मात्र 31 पर ही मानव बसावट है। इससे भी उल्लेखनीय बात यह है कि यहां सरकार को अन्य राज्यों से लोगों को लाकर बसाना पड़ा है। इसी बसाहट ने यहां नंबर प्रणाली को जन्म दे दिया। 

सबसे पहले बात प्री-42 की…यह नाम अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 1942 से पहले के बसने वालों और उनके वंशजों को दिया गया है। इसका मतलब यह है कि ऐसे लोग जो इस द्वीप समूह में मार्च 1942 में जापानी कब्जे से पहले यहाँ रहते थे। ये इन द्वीपों के गैर-आदिवासी मूल निवासी माने जाते हैं, जिन्हें लोकल बोर्न या आइलैंड ओरिजिन भी कहा जाता है। प्री-42 समुदाय ब्रिटिश उपनिवेशवाद, काला पानी की सजा, विश्व युद्ध और भारत की स्वतंत्रता सहित तमाम ऐतिहासिक बदलावों का साक्षी है।

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक प्री-42 समुदाय के पूर्वज मुख्य रूप से 1858 के बाद ब्रिटिश काल में अंडमान आए थे या लाए गए थे। जैसा कि हम सभी जानते हैं कि 1857 की क्रांति के बाद ब्रिटिश सरकार ने अंडमान के द्वीपों को दंडात्मक बस्ती का रूप दे दिया । क्रांतिकारियों के साथ साथ कैदियों, सिपाहियों, मजदूरों, किसानों, शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों को सहयोग के लिए यहाँ भेजा गया। इनमें बड़ी संख्या में बंगाल, बिहार, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल जैसे इलाकों के लोग शामिल थे । अधिकांश  लोग जबरन यहां लाए या भेजे गए थे । इन लोगों ने सब कुछ भुलाकर 1858 से 1942 तक इन द्वीपों को बसाने, खेती करने और प्रशासन चलाने में जुट गए । 


कुछ इतिहासकारों के अनुसार, प्री-42 समुदाय के सदस्यों ने तो चोल साम्राज्य के दौर को भी देखा है। वैसे, तथ्य यही बताते हैं कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में सबसे पुराना इतिहास आदिवासियों का ही है और यह भी हज़ारों साल पुराना है । यहाँ मुख्य रूप से 6 जनजातियाँ निवास करती हैं, जिन्हें अंडमानी (नेग्रिटो समूह) और निकोबारी (मंगोलॉयड समूह) में बांटा गया है। वे पारंपरिक रूप से शिकार, मछली पकड़ने एवं जंगलों पर निर्भर हैं। अंडमान समूह में जारवा, सेंटिनलीज़, ओंगे और ग्रेट अंडमानी शामिल हैं जबकि निकोबार समूह में निकोबारी और शोम्पेन आदिवासी शामिल हैं। इनमें  खासतौर पर सेंटिनलीज़ और जारवा बाहरी दुनिया से लगभग पूरी तरह कटे हुए हैं, जबकि ओंगे और महान अंडमानी आंशिक रूप से संपर्क में हैं। माना जाता है कि अंडमान के आदिवासी लगभग 60,000 साल पहले अफ्रीका से प्रवास करके यहां आए थे।

लेकिन, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में स्थायी बसावट ब्रिटिश काल से ही शुरू हुई। 1942 में जापानी सेना ने अंडमान-निकोबार पर कब्जा कर लिया। प्री-42 परिवारों ने इस काल में भारी कीमत चुकाई । कई लोगों ने अपनी जान गँवाई, परिवार बिखरे और अत्याचार सहन करने पड़े। 1945 में जापान की हार के बाद फिर ब्रिटिश वापस आए लेकिन इन लोगों की स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया। स्वतंत्रता के बाद 1947 से जरूर इन द्वीपों का स्वरूप बदलना शुरू हुआ ।

इनके बाद आता है सेटलर का नंबर। दरअसल, स्वतंत्रता के बाद सरकार ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के विभिन्न द्वीपों की आबादी बढ़ाने और खेती किसानी को बढ़ावा देने के लिए ‘सेटलर स्कीम’ चलाई। इसके अंतर्गत तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में लोगों को यहां लाया गया । इन नए बसने वाले लोगों को भूमि, सरकारी नौकरियाँ और व्यापारिक अवसर दिए गए। इसी तरह 10 ईयर की श्रेणी उन लोगों की है जो सेटलर के बाद यहां आए।  सबसे आखिरी श्रेणी में वे लोग शामिल हैं जो 2003/4 में यहां आकर बसे हैं।


हालांकि, अब जनसंख्या बढ़ने और विभिन्न राज्यों के लोगों की मौजूदगी के कारण अंडमान और निकोबार द्वीप समूह भी अन्य राज्यों की तरह हो गए हैं। लेकिन एक सबसे बड़ा फर्क आज भी है..वह यह कि यह द्वीप समूह चारों ओर से समुद्र से घिरा है। यह इतना बड़ा फर्क है कि यह मैदानी राज्यों एवं यहां के द्वीपों में अंतर कम ही नहीं होने देता। यहां जरूरत की अधिकतर चीजें तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल जैसे अन्य मैदानी राज्यों से आती हैं इसलिए उनकी उपलब्धता एवं कीमत में भी फर्क साफ दिखाई देता है। यहां बाह्य संपर्क के लिए हवाई और जलमार्ग जैसे बस दो ही साधन हैं। हमारे राज्यों की तरह रेल या बस सेवा नहीं है। कुल मिलाकर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह अपनी विशिष्ट भौगोलिक स्थिति के कारण हमारे सामान्य मैदानी राज्यों से अलग है और इसका असर यहां हर क्षेत्र में दिखाई पड़ता है।

#Andman #अंडमान #Sealife #PortBlair 

#Sea 


शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

अबोलेपन से परिवारों में बढ़ता अलगाव..!!


तकनीक ने हमारे जीवन को सहज बनाने के साथ-साथ जटिल भी बना दिया है। इसका सबसे ज्यादा असर मां-बाप और बच्चों के बीच के रिश्ते पर पड़ रहा है और परिवार एक अनजानी दूरी का शिकार हो रहे हैं । यह दूरी केवल शारीरिक नहीं, बल्कि भावनात्मक और मानसिक अधिक है। अविश्वास, अबोलापन और संवाद की कमी ने इस परिवारों के करीबी रिश्तों को कहीं न कहीं खोखला करना शुरू कर दिया है। 

चिंता की बात यह है कि मां-बाप और बच्चों के बीच अविश्वास की जड़ें आमतौर पर छोटी-छोटी गलतफहमियों से शुरू होती हैं। आज के बच्चे डिजिटल दुनिया में पल रहे हैं, जहां उनकी निजता और डिजिटल स्वतंत्रता उनके लिए सर्वोपरि है। दूसरी ओर, पारंपरिक मूल्यों और अनुभवों से निर्देशित माता पिता अपने बच्चों की इस नई दुनिया को पूरी तरह समझ नहीं पाते। नतीजा यह होता है कि बच्चे अपनी बातें खुलकर साझा नहीं कर पाते हैं और माता-पिता को लगता है कि बच्चे उनसे कुछ छिपा रहे हैं। यह आगे चलकर अविश्वास का एक दुष्चक्र बन जाता है।

मसलन, एक किशोर जो अपने दोस्तों के साथ सोशल मीडिया पर घंटों समय बिताता है, वह माता-पिता की नजर में गलत संगत में पड़ सकता है। माता-पिता की बार-बार पूछताछ या ताक झांक बच्चे को खुद में और अधिक समेट देती है। वह सोचता है कि मां बाप उसे समझते ही नहीं हैं! जबकि, माता-पिता को लगता है कि उनका लाडला बच्चा भटक रहा है। इस तरह, अविश्वास की यह छोटी सी चिंगारी धीरे-धीरे रिश्ते में एक बड़ी खाई बन जाती है।

अविश्वास के साथ-साथ अबोलापन भी इस समय एक बड़ा मुद्दा है। पहले, परिवार एक साथ बैठकर भोजन करते थे, गपशप करते थे और एक-दूसरे की जिंदगी का हिस्सा बनते थे। लेकिन आज, मोबाइल फोन, ईयर फोन, बड्स, लैपटॉप और हेडफोन ने परिवार के बीच की बातचीत को लगभग खत्म कर दिया है। बच्चे अपनी दुनिया में खोए रहते हैं, और माता-पिता अपनी.. या फिर वे अपने काम में व्यस्त रहते हैं। कई बार वे बच्चों की इस आधुनिकता के साथ तालमेल बिठाने में असमर्थ हो जाते हैं।

यह अबोलापन केवल शब्दों की कमी नहीं है, बल्कि भावनाओं के आदान-प्रदान की कमी भी बन रहा है। एक मां जो अपने बेटे से पूछती है कि आज स्कूल में क्या हुआ? और जवाब में केवल कुछ नहीं सुनती है तो वह भी धीरे-धीरे पूछना बंद कर देती है। इधर, बच्चा सोचता है कि माता-पिता को उसकी जिंदगी में कोई दिलचस्पी नहीं है। समय के साथ दोनों पक्ष खामोशी की इस दीवार को और ऊंचा करते जाते हैं।

संवाद की यह कमी वह गहरी खाई है जो अविश्वास और अबोलापन को लगातार गहरा करती जाती है। हम सभी जानते हैं कि संवाद केवल बातचीत नहीं है बल्कि यह परिवार में एक-दूसरे को समझने, उनकी भावनाओं को महसूस करने और उनके दृष्टिकोण को स्वीकार करने की कला है। आज के समय में, माता-पिता और बच्चे एक ही छत के नीचे रहते हुए भी दो अलग-अलग दुनियाओं में जीते हैं। यह संवादहीनता कई बार पीढ़ीगत अंतर के कारण भी बढ़ती जाती है क्योंकि माता-पिता अपने अनुभवों के आधार पर बच्चों को सलाह देते हैं, जो आज की डिजिटल और वैश्विक दुनिया में शायद उतने प्रासंगिक नहीं लगते। उधर, बच्चे चाहते हैं कि उनकी बात सुनी जाए, न कि उनकी गलतियों पर लंबा व्याख्यान दिया जाए। 

इस अंतर को पाटने के लिए दोनों पक्षों को एक-दूसरे की ओर कदम बढ़ाने की जरूरत है। बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार अपनाकर भी इस दूरी को पाट सकते हैं । जैसे बच्चों की बातों को बिना आलोचना किए सुनना चाहिए। बच्चों के पसंदीदा गेम या सोशल मीडिया ट्रेंड के बारे में बात करके भी उनके करीब आया जा सकता है। इसी तरह खासतौर पर माता-पिता को यह समझना होगा कि आज की पीढ़ी का दबाव और चुनौतियां उनकी पीढ़ी से बिल्कुल अलग हैं। साथ ही, उन्हें अपने बच्चों को भी यह समझाना पड़ेगा कि उनकी चिंता का कारण प्रेम है, न कि नियंत्रण की इच्छा।

इसके अलावा, अभिभावकों को हर दिन कुछ समय ऐसा समय नियत करना चाहिए जब पूरा परिवार एक साथ बिना किसी डिजिटल हस्तक्षेप के समय बिताए। यह समय खाने की मेज पर, पार्क में सैर करते हुए या कोई भी साझा गतिविधि हो सकती है। इसके माध्यम से माता-पिता को अपने व्यवहार से यह दिखाना होगा कि वे बच्चों पर पूरा भरोसा करते हैं, ताकि बच्चे अपनी बातें खुलकर साझा करें।

किसी भी परिवार में परस्पर रिश्ता विश्वास, प्रेम और संवाद की नींव पर टिका होता है। अविश्वास, अबोलापन और संवाद की कमी इस नींव को कमजोर कर सकती है, लेकिन इसे ठीक करना असंभव नहीं है। बस, यह एक ऐसी यात्रा है जिसमें दोनों पक्षों को धैर्य, समझ और प्रेम के साथ आगे बढ़ना होगा।

#Family #परिवार #मोबाइल #Mobile #Technology 


सिर्फ़ खिलाड़ी नहीं, पूरा देश जीतता है..!!

धीरे धीरे भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा ऊपर उठ रहा है। इसके साथ राष्ट्रगान की पहली धुन बज रही है: "जन-गण-मन..." यह ऐसा अद्भुत अवसर ...