गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026

‘मून टूरिज्म’ ने बढ़ाई शिमला की रौनक


शहरों की ऊंची इमारतों, धुएं और धुंध के बीच चांद का इंतजार करने के बजाय अगर कोई जोड़ा पहाड़ों की ठंडी वादियों में पहुंच जाए, तो समझिए करवा चौथ ने पर्यटन का नया रास्ता खोज लिया है। इन दिनों शिमला की रौनक को देखकर कुछ ऐसा ही लगता है। मॉल रोड पर सजी-धजी युवतियों की चहल-पहल, हाथों में मेहंदी लगाए सुहागिनें और रिज मैदान पर आसमान निहारती आंखें। इस खूबसूरत तस्वीर के केंद्र में है ‘मून टूरिज्म’ यानी चांद के दीदार को ही यात्रा का खास मकसद बना लेना।

करवा चौथ का चांद हमेशा से प्रेम, प्रतीक्षा और विश्वास का प्रतीक रहा है। फर्क बस इतना है कि पहले चांद के निकलने का इंतजार घर की छत या आंगन में होता था, अब इसके लिए पर्यटन स्थलों की बुकिंग भी होने लगी है। दिल्ली, चंडीगढ़ और दूसरे मैदानी शहरों से कई जोड़े पहाड़ों की ओर रुख करते हैं, ताकि खुले आसमान के नीचे चांद को निहारते हुए व्रत खोलने का अनुभव यादगार बना सकें।


शिमला इस रोमांटिक पर्यटन के लिए खास आकर्षण रखता है। देवदार के पेड़ों से घिरी पहाड़ियां, सर्द हवा के झोंके और दूर तक फैला आसमान करवा चौथ की शाम को एक अलग ही रंग देते हैं। रिज मैदान और स्कैंडल पॉइंट के आसपास घूमते पर्यटक, पारंपरिक परिधानों में सजे जोड़े और बाजारों की जगमगाहट शहर को उत्सव के रंग में रंग देती है। हालांकि आज चांद के दर्शन मौसम, बादलों और स्थानीय परिस्थितियों पर निर्भर हैं, लेकिन प्रतीक्षा का रोमांच भी इस यात्रा का हिस्सा बन गया है।


पर्यटन कारोबार के लिए भी यह नया अवसर है। होटल और रिसॉर्ट अपने यहां विशेष सजावट, रोमांटिक डिनर, पूजा की थाली और चांद देखने के लिए खुले स्थान जैसी सुविधाओं का प्रचार कर रहे हैं। कुछ जगहों पर विशेष पैकेज और छूट भी मिल रही है। इससे होटल, रेस्तरां, टैक्सी संचालकों, फूल विक्रेताओं और स्थानीय दुकानदारों को अतिरिक्त कारोबार की उम्मीद है। 


इस नए चलन का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि इसमें परंपरा और आधुनिक जीवनशैली एक साथ दिखाई देते हैं। दिन में शिमला की गलियों में घूमना और शाम को चांद निकलने की प्रतीक्षा । छलनी से चांद देखने और फिर जीवनसाथी का चेहरा निहारने की रस्म जब पहाड़ों की पृष्ठभूमि में पूरी होती है, तो उसकी तस्वीरें यादों के साथ सोशल मीडिया पर भी जगह बना लेती हैं।


लेकिन मून टूरिज्म की असली खूबसूरती केवल तस्वीरों, महंगे कमरों या विशेष आयोजनों में नहीं है। यह रोजमर्रा की भागदौड़ से निकलकर एक-दूसरे के साथ कुछ सुकून भरे पल बिताने का बहाना भी है। करवा चौथ की परंपरा अपनी जगह है और उसे मनाने के तरीके व्यक्तिगत पसंद के अनुसार बदल सकते हैं।


शिमला की पहाड़ियां यही संदेश देती हैं कि त्योहारों की खुशियां सीमाओं में नहीं बंधतीं। कभी चांद आंगन में उतरता था, अब उसे देखने और उसके और करीब जाने के लिए लोग पहाड़ों का सफर तय कर रहे हैं। आस्था वही है, प्रेम वही है…बस चांद तक पहुंचने का रास्ता ज्यादा खूबसूरत हो गया है।


बुधवार, 21 अक्टूबर 2026

बैंटनी कैसल: शिमला में विरासत से विकास का चश्मदीद


मैं बैंटनी कैसल हूँ। शिमला में मॉल रोड पर स्कैंडल पॉइंट से कालीबाड़ी जाते हुए आपने कई बार मुझे देखा होगा..हो सकता है तस्वीर भी निकलवाई हो और यहां बोर्ड पर दर्ज मेरी जानकारी पर भी शायद सरसरी नज़र दौड़ाई हो । परंतु, क्या आपने कभी मेरी खामोशी को सुनने की कोशिश की है? मेरी लकड़ी की दीवारों, ढलानदार छतों, छोटे-छोटे बुर्जों और पुराने दरवाजों के पीछे की कहानियाँ सुनने का प्रयास किया है..शायद नहीं, इसलिए आज अपनी कहानी मैं खुद सुनाता हूं। वैसे, हाल ही में मेरी विकास गाथा में डिजिटल म्यूजियम नामक नया पन्ना जुड़ गया है जो मेरे साथ साथ शिमला ही नहीं इस देवभूमि की कहानी सुनाने लगा है। फिर भी मेरे मन की बात आप मुझसे ही सुनिए।


मैं बैंटनी कैसल केवल पत्थर, लकड़ी, ईंट और चूने से बना कोई पुराना यूरोपियन गोथिक शैली का भवन भर नहीं हूँ। मैं तकरीबन डेढ़ सौ साल से शिमला के बदलते समय का गवाह हूँ। मैंने अंग्रेजी हुकूमत का वैभव देखा है, पहाड़ी रियासत की शाही जिंदगी का हिस्सा रहा हूँ, विश्व युद्धों के दौर की हलचल महसूस की है और आजाद भारत में सरकारी दफ्तरों की जिम्मेदारियाँ भी निभाई हैं। फिर एक समय ऐसा आया, जब मेरी पहचान धुंधली पड़ने लगी पर मेरी कहानी खत्म नहीं हुई। मुझे नया जीवन मिला और आज मैं करीब 20 हजार वर्ग मीटर के अपने परिसर में हिमाचल की कला, संस्कृति और इतिहास को समेटने की कोशिश कर रहा हूँ।



मेरी कहानी उन्नीसवीं सदी के उस दौर से शुरू होती है, जब शिमला अंग्रेजी शासन के प्रभाव में तेजी से एक महत्वपूर्ण पहाड़ी नगर के रूप में विकसित हो रहा था। अंग्रेज अधिकारी यहाँ की ठंडी जलवायु, पहाड़ों और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण गर्मियों में यहां रहना पसंद करते थे। धीरे-धीरे शिमला में ऐसे भवन बनने लगे, जिनमें यूरोपीय वास्तुकला और पहाड़ी परिवेश का अनूठा मेल दिखाई देता था।


जिस जगह आज मैं खड़ा हूँ, वहाँ शुरू में कैप्टन ए. गॉर्डन का एक कॉटेज हुआ करता था। बाद में सिरमौर रियासत ने इस संपत्ति को अपने अधिकार में लिया और वर्ष 1880 के आसपास मेरे निर्माण या पुनर्निर्माण का दौर शुरू हुआ। जब मैं उस समय के शिमला को याद करता हूँ तो मेरे कानों में घोड़ों की टापें, बग्घियों की आवाजाही और अंग्रेज अफसरों की ठसक सुनाई पड़ने लगती है। 


लोग भले ही मुझे बैंटनी कैसल के नाम से जानते हैं, लेकिन मेरे व्यक्तित्व में यूरोप के किसी किले की कठोरता नहीं, बल्कि एक पुराने अंग्रेजी आवास की शालीनता और पहाड़ी घरों की आत्मीयता है। मेरी वास्तुकला में अंग्रेजी काउंटी-हाउस शैली और सिरमौर की पारंपरिक शाही स्थापत्य परंपरा का मेल दिखाई देता है। मेरे मौजूदा स्वरूप को 1901-02 के पुनर्निर्माण से भी जोड़ा जाता है। इस काम के लिए इंजीनियर और वास्तुकार टी. ई. जी. कूपर का नाम भी मेरे साथ दर्ज है।



मेरी दो मंजिला मुख्य इमारत, ढलानदार छत, छोटे बुर्ज और लकड़ी का काम मुझे आसपास की इमारतों से अब अलग पहचान देते हैं। मेरे निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और कारीगरी उस दौर के शिल्पकारों की दक्षता की कहानी कहती है। मेरे चारों ओर फैला परिसर भी मेरी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। मेरे परिसर में मौजूद पुराने देवदार के पेड़ आज भी मेरे बदलाव और स्मृतियों के साक्षी हैं।


मेरी खासियत यह है कि मेरी बनावट में अलग-अलग संस्कृतियों और निर्माण परंपराओं ने एक-दूसरे के साथ जगह बनाई। मैं अंग्रेजी स्थापत्य का उदाहरण भर नहीं हूँ। मैं, शिमला में यूरोपीय प्रभाव और पहाड़ी रियासतों की साझा विरासत का हिस्सा हूँ। मेरे जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय सिरमौर रियासत से भी जुड़ा है। मैं रियासत के ग्रीष्मकालीन निवास के रूप में प्रतिष्ठित हुआ और शिमला की ठंडी जलवायु और प्राकृतिक सुंदरता में राजपरिवार के लिए आराम और आतिथ्य का स्थान बना।


मैं, बैंटनी कैसल दोनों विश्व युद्धों का गवाह हूं। जब सन् 1914 में प्रथम विश्व युद्ध शुरू हुआ तो मेरे परिसर का इस्तेमाल सरकार के सैन्य कार्यों से संबंधित कार्यालय के लिए होने लगा । द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भी मैंने कमोबेश यही भूमिका निभाई। युद्ध समाप्त हुए तो राजनीतिक परिस्थितियाँ बदलीं और भारत की स्वतंत्रता का समय नजदीक आ गया। मैं, समझ गया कि आजाद भारत में अब नई भूमिका मेरा इंतजार कर रही है।


वर्ष 1947 में भारत स्वतंत्र हुआ और देश का अप्रिय विभाजन भी । उस दौरान, लाहौर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्र द ट्रिब्यून को विभाजन के कारण अपना ठिकाना बदलना पड़ा और 25 सितंबर 1947 से 12 मई 1948 तक मेरे परिसर में इस समाचार पत्र का कार्यालय भी रहा। सोशल मीडिया के जरिए एक जानकारी ओर मिली की यहां के सूद परिवार के साथ भी मेरा आत्मीय रिश्ता रहा है।


इसके बाद मेरे जीवन में सरकारी कामकाज का एक लंबा दौर आया। वर्ष 1957 से मेरी मुख्य इमारत में हिमाचल प्रदेश का पुलिस मुख्यालय रहा। मेरे परिसर की दूसरी इमारत बैंटनी कॉटेज का उपयोग रोजगार कार्यालय के रूप में किया गया। इस तरह मैं शाही निवास से प्रशासनिक परिसर में बदल गया। हालांकि वक्त के थपेड़ों के साथ मेरी इमारत पुरानी होने लगी। आखिर उम्र तो मेरी भी बढ़ ही रही थी। मेरी छतों, लकड़ी के हिस्सों, दरवाजों और अन्य संरचनाओं को संरक्षण की आवश्यकता महसूस होने लगी थी।



फिर आया वर्ष 2017, जब हिमाचल प्रदेश सरकार ने भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से मेरा अधिग्रहण कर लिया । मेरे लिए यह बदलाव लंबे अंधेरे के बाद रोशन दान जैसा था। इस बदलाव के बाद मेरी दीवारों के भीतर हिमाचल की संस्कृति, इतिहास, लोककलाओं और परंपराओं को स्थान मिलने लगा। अब मेरी उम्र को कमजोरी नहीं, बल्कि मेरी सबसे बड़ी विशेषता के रूप में देखा जाने लगा था।


 जुलाई 2026 में मेरे जीवन का एक नया अध्याय शुरू हुआ, जब मुझे डिजिटल संग्रहालय के रूप में आम लोगों के सामने प्रस्तुत किया गया। अब मैं अपने प्रदेश की व्यापक सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने का माध्यम हूँ।  मेरी ऐतिहासिक बनावट और आधुनिक डिजिटल प्रस्तुति मिलकर अतीत तथा वर्तमान के बीच संवाद स्थापित करती हैं। 


मैं बैंटनी कैसल हूँ। मेरा अतीत मेरे साथ है, लेकिन मैं केवल विरासत में जीना नहीं चाहता। मेरी इच्छा है कि आने वाली पीढ़ियाँ मेरी दीवारों में इतिहास की धड़कन सुनें, मेरी वास्तुकला में पुराने शिल्पकारों की कल्पना देखें और मेरे भीतर प्रदर्शित हिमाचली संस्कृति में अपनी जड़ों को पहचानें एवं विरासत से विकास तक की मेरी ऐतिहासिक यात्रा के साक्षी बन मुझे जीवंत बनाए रखें।


मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026

पकवान हैं या पहाड़ी मिसाइलें..!!

।। हिमाचल प्रदेश के अनूठे खानपान पर विशेष।।


फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ में गुजराती खाने को लेकर करीना कपूर का एक डायलॉग बड़ा चर्चित हुआ था- “तुम्हारे खाने के नाम ऐसे होते हैं जैसे कोई मिसाइल फटने वाली हो... ढोकला, फाफड़ा, हांडवा, थेपला... ऐसा लगता है जैसे कोई बम ब्लास्ट होने वाला है!"...शायद करीना या इस फिल्म के संवाद लेखक का कभी हिमाचली खानपान से सामना नहीं हुआ होगा वरना वे गुजरात की बजाए हिमाचल की पृष्ठभूमि को फिल्म में रखते। 


यदि आपने भी नाम नहीं सुने हैं तो सुनिए हिमाचली व्यंजन अपने विशिष्ट नामों के मामले में किसी भी प्रकार से गुजरात से पीछे नहीं है जैसे पतीड़, घी-लौटे, भगचीरी, पकैन, ओगल के पकौड़े, बबरू, कापरु, इन्ड्रा, जय पाटांडा और सिड्डू। ये तो महज कुछ लोकप्रिय नाम हैं जबकि इन जैसे तमाम व्यंजन यहां पहाड़ों में अपने अनूठे स्वाद का जादू बिखेर रहे हैं।


खैर,ये तो हुई हल्की फुल्की बातें लेकिन सबसे खास बात यह है कि हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी व्यंजन सिर्फ खाना नहीं, बल्कि पहाड़ों की कहानी, मेहनत और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक हैं। ये व्यंजन आसपास उपलब्ध सामग्री से बनते हैं, लेकिन इनका स्वाद और सेहत से भरी खूबियां अनुकरणीय हैं। ये पहाड़ी व्यंजन सिर्फ पेट नहीं भरते बल्कि दिल और स्मृतियों को भी अपने स्वाद तथा खुशबू से भर देते हैं।



हिमाचल प्रदेश में ठंड का आगाज हो गया है और पहाड़ में भी ऊंचे स्थानों पर रहने वाले लोग कड़ाके की ठंड और बर्फबारी से पहले खानपान के इंतजाम में जुट गए हैं। 

इन व्यंजनों की विशेषता यह है कि ये स्थानीय सामग्री, मौसम के अनुरूप और लम्बे समय तक खराब नहीं होने के गुणों से भरपूर हैं।


फर्मेंटेशन, स्टीमिंग और घी का इस्तेमाल इन्हें पाचन में आसान तो बनाता ही है, साथ ही ये ठंडी जलवायु में शरीर को गर्माहट, इम्यूनिटी और ऊर्जा देते हैं। किण्वन (फर्मेंटेशन), अनाज को भिगोने, पीसने, मसालों का संतुलित इस्तेमाल और भाप में पकाने जैसी तकनीकें हिमाचल की पारंपरिक रसोई को विशिष्ट बनाती हैं। 



एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि हिमाचल प्रदेश में भोजन का संबंध केवल भूख मिटाने से नहीं, बल्कि सामाजिक और धार्मिक परंपराओं से भी है। विवाह, त्योहार, देव उत्सव, फसल कटाई और अन्य सामुदायिक अवसरों पर ये विशेष व्यंजन बनाए जाते हैं।


अब एक नज़र कुछ खास व्यंजनों, उनकी सामग्री और सेहत से भरपूर गुणों पर डाल लेते हैं। सबसे पहले बात पतीड़/ पतरोड़े / पत्रोडू की। यह वास्तव में अरबी के पत्तों का लज़ीज़ व्यंजन है और पहाड़ों में अरबी के बड़े-बड़े हरे पत्ते एक तरह से प्रकृति का उपहार हैं।


इन पत्तों को बेसन-मसालों के घोल में लपेटकर भाप में पका कर फिर तला जाता है। हम सब जानते हैं कि अरबी के पत्ते फाइबर, आयरन और कैल्शियम से भरपूर होते हैं एवं ठंड के मौसम में शरीर को गर्म रखते हैं। वैसे यह मैदानी इलाकों में भी चाव से खाया जाता है।


वहीं, घी-लौटे या चिल्डू फर्मेंटेड गेहूं के आटे से बने स्टीम्ड ब्रेड या पैनकेक जैसा व्यंजन हैं, जिनमें गुड़, सौंफ और तिल मिलाए जाते हैं। इनमें पर्याप्त मात्रा में प्रो-बायोटिक्स मिलते हैं, जो पेट के लिए वरदान हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में यह ताकत और गर्माहट दोनों के लिए उपयोगी है। घी के साथ या फिर सुबह की चाय/दूध के साथ इसका स्वाद कमाल का होता है।



वहीं, भगचीरी चावल, दाल और दही का मिश्रण है जो आसानी से पच जाता है जबकि पकैन या पोलडू खासतौर पर शिवरात्रि या त्योहारों पर बनने वाला कचौड़ी जैसा होता है और इसमें उड़द दाल या अन्य सामग्री की भरावन होती है। यह प्रोटीन और फाइबर का खजाना है।


इसीतरह ओगल या बकवीट या कुट्टू के पकौड़े सेहत का पावर पैक है। खासतौर पर सर्दियों में बनने वाले ये पकौड़े ग्लूटेन-फ्री, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं और ब्लड शुगर कंट्रोल करने से लेकर शरीर को गर्म रखने में सहायक है। 


अब बात बाबरू या बबरू की…यह कोई गब्बर या गबरू का भाई नहीं बल्कि एक तरह की पहाड़ी कचौड़ी है जिसे आमतौर पर गेहूं के आटे एवं गुड़ से बनाया जाता है। इसे पंजाबी भटूरे का पहाड़ी भाई भी कह सकते हैं। हिमाचल प्रदेश में लोकप्रियता के मसले पर यह सिड्डू के बाद या उसके समकक्ष है। चाय के साथ इसका स्वाद लाजवाब होता है। 


कापरु भी कपड़े का दूसरा नाम नहीं बल्कि दाल या आटे से बना पहाड़ी अंदाज का स्वादिष्ट स्नैक है। इसी तरह इन्ड्रा या इन्ड्रे कुलथी दाल से बनी सूप जैसी डिश है। कड़ाके की सर्दी के दौरान यह प्रोटीन, आयरन और फाइबर का खजाना है और जोड़ों के दर्द, वजन नियंत्रण और किडनी स्टोन में फायदेमंद। इसे आयुर्वेदिक गुणों वाला व्यंजन माना जाता है।


जय पाटांडा या पटांडे भी दीपावली के पटाखे का कोई प्रकार नहीं है बल्कि गेहूं या रागी के आटे के पैन केक है। यह दूध, गुड़ और घी के साथ एनर्जी देने वाला व्यंजन है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए तो यह खासतौर पर उपयोगी है। आजकल के फास्ट फूड के लिए लार टपकाने वाली दुनिया में ये व्यंजन हमें याद दिलाते हैं कि असली स्वाद फटाफट फूड में नहीं बल्कि सरलता और सतत् अनुभव से बनी परंपरा में है। 



हिमाचल प्रदेश के व्यंजनों के स्वादिष्ट होने के साथ साथ सेहत से भरपूर होने का दावा हमारा नहीं है बल्कि पोषण विशेषज्ञों ने भी इस पर अपनी मोहर लगाई है। राज्य के राजकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल के विशेषज्ञों ने अपने व्यापक अध्ययन के बाद इसे साबित किया है।


विशेषज्ञों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री से शरीर को ऊर्जा, प्रोटीन, वसा, कार्बोहाइड्रेट, विटामिन और खनिज मिलते हैं। मसलन सर्दियों में खाया जाने वाला सिड्डू ऊर्जा देने वाले भोजन का हिस्सा है। वहीं, अरबी के पत्तों से तैयार पतीड़ में कैरोटीनॉयड जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। 


आज जब दुनिया फिर से मोटे अनाजों और पारंपरिक भोजन की ओर लौट रही है, तब हिमाचल प्रदेश के ये व्यंजन और भी प्रासंगिक हो गए हैं। इनमें पोषण है, स्थानीयता है, पर्यावरण के प्रति सम्मान है और सबसे बढ़कर अपनी मिट्टी की खुशबू है। दरअसल, सदियों से कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और मौसम की चुनौतियों के बीच पहाड़ के लोगों ने यह खाद्य परंपरा विकसित की है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक और टिकाऊ भी है। 












 








शनिवार, 10 अक्टूबर 2026

अलविदा विकल्प शुक्ला… इतनी जल्दी क्या थी विदाई लेने की !


कुछ लोग सिर्फ अपने पद और काम से नहीं, बल्कि अपने सहज व्यवहार, मिलनसार स्वभाव और आत्मीयता से लोगों के दिलों में जगह बनाते हैं। मेरे मित्र,सहयोगी,सीनियर और सलाहकार विकल्प जी ऐसे ही व्यक्तित्व के धनी थे। अभी पखवाड़े भर पहले ही हमने रेडियो पर कुछ नए प्रोजेक्ट को लेकर घंटे भर चर्चा की थी और आप,मैं, मानस और योगेश भाई के साथ एक्सक्लुसिव ग्रुप भी बनाया था..अब वह कोना सूना रहेगा।

आकाशवाणी रायपुर में उपनिदेशक और भारतीय सूचना सेवा के 1993 बैच के अधिकारी विकल्प शुक्ला के असमय निधन की खबर मन को गहरे तक उदास कर गई। अभी तो बहुत कुछ कहना-सुनना बाकी था, बहुत सी मुलाकातें बाकी थीं। लेकिन जिंदगी कभी-कभी बिना कोई मौका दिए ऐसा विराम लगा देती है, जिसे स्वीकार करना बेहद कठिन होता है।

दिल का दौरा कितना निर्मम होता है! पीठ में दर्द की शिकायत से शुरू हुई परेशानी ने देखते ही देखते एक हंसते-मुस्कुराते, ऊर्जावान इंसान को हमसे छीन लिया। यह विश्वास करना मुश्किल है कि जो व्यक्ति कल तक अपने काम और अपनी सहज उपस्थिति से आसपास के माहौल को जीवंत बनाए हुए था, वह आज हमारे बीच नहीं है।

दिल्ली से भोपाल और फिर रायपुर तक फैली उनकी सेवायात्रा में अनेक साथी जुड़े। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की विभिन्न मीडिया इकाइयों मसलन पीआईबी, दूरदर्शन और आकाशवाणी में काम करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। 

छत्तीसगढ़ के मीडिया जगत में उनका परिचय केवल एक अधिकारी के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे सहयोगी के रूप में था, जिनसे सहजता से बात की जा सकती थी और जिन पर भरोसा किया जा सकता था। वे संभवतः हमारी सेवा के इकलौते अधिकारी थे जो प्रतिष्ठित कौन बनेगा करोड़पति (KBC) जैसे ज्ञान मंच तक पहुंचे।

लेकिन आज सबसे ज्यादा पीड़ा इस बात की है कि उनके जाने से एक परिवार की दुनिया उजड़ गई। भाभी और दो बेटियों के लिए यह क्षति शब्दों से परे है। जिस पिता और जीवनसाथी का साथ जीवन के हर मोड़ पर संबल बनता है, उसका अचानक छूट जाना कितना असहनीय होता है, इसे महसूस भर किया जा सकता है।

विकल्प जी, आपका यूं चले जाना बहुत अखरता है। सरकारी सेवा में पद और जिम्मेदारियां पीछे छूट जाती हैं, लेकिन इंसान का व्यवहार, उसकी आत्मीयता और लोगों के जीवन में छोड़ी गई यादें हमेशा जीवित रहती हैं।

विकल्प जी, कुछ विदाइयां ऐसी होती हैं, जिन्हें शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता और कुछ रिक्तताएं ऐसी होती हैं, जिन्हें समय भी नहीं भर पाता। आपका यूं अचानक चले जाना एक ऐसी ही अपूरणीय क्षति है।

आपकी स्मृतियां, आपका सहज व्यवहार और आपकी आत्मीयता उन सभी के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी, जिन्हें आपके साथ काम करने और आपको जानने का अवसर मिला।

ईश्वर आपकी पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और आपके परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

आपकी स्मृतियां हमारे बीच रहेंगी।

🙏💐



रविवार, 4 अक्टूबर 2026

ऑर्किडेरियम: गंगटोक के दिल में सजी अनूठे फूलों की दुनिया


यह प्रकृति के कैनवास पर की गई एक ऐसी अद्भुत चित्रकारी की तरह है, जो बिना कुछ कहे ही आँखों को अपनी ओर खींच लेती है। यह महज एक फूल या उनका संग्रह नहीं, बल्कि कुदरत की खिलखिलाहट है, जिसमें नज़ाकत भी है और एक अनकहा रहस्य भी। इसमें रंगों का ऐसा ठहराव और पंखुड़ियों की ऐसी बनावट है जैसे किसी शायर की अधूरी ख़्वाहिश मुकम्मल हो गई हो। 

हवा के झोंकों से बात करती इनकी नाजुक पंखुड़ियाँ, जैसे कोई खामोश ग़ज़ल गुनगुना रही हों। हम बात कर रहे हैं अपने में सुंदरता,गरिमा,चंचलता और रंगोली समेटे हुए फूल ऑर्किड की। जब भी बात सबसे अनूठे और गरिमामयी सौंदर्य की आती है, तो जुबां पर बस एक ही नाम ठहरता है-ऑर्किड। ऑर्किड का खिलना मानो प्रकृति का खुद पर गुमान करना है।

वैसे तो इसे दुनिया को अपना रंग रूप दिखाने के लिए किसी न किसी सहारे की जरूरत है लेकिन फिर भी यह परजीवी नहीं है और अब तो यह पर्यटकों को अपनी ओर खींचकर आर्थिक समृद्धि में भी योगदान दे रहा है। ऑर्किड का पूर्वोत्तर में बसेरा है एवं यह यहां की खास पहचान है।


यह अष्टलक्ष्मी में से एक और सात बहनों के इकलौते भाई के नाम से विख्यात सिक्किम का राजकीय पुष्प भी है। इसलिए सिक्किम की राजधानी गंगटोक में ऑर्किड की अनूठी दुनिया बसाई गई है। इस लेख में हम आर्किड पर केंद्रित इस अद्भुत दुनिया की सैर करेंगे।

गंगटोक में पहाड़ों, बादलों और देवदारों के बीच आर्किड की इस अनोखी दुनिया का नाम स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी ऑर्किडेरियम है। यहां प्राकृतिक तौर पर, चित्रों में और कांच की दीवारों के भीतर यह रंगीन और दुर्लभ फूल अलग अलग आकार प्रकार और रंग रूप में पूरी भव्यता के साथ मौजूद है। ऑर्किडेरियम में इस फूल की 100 से अधिक प्रजातियां रखी गई हैं। इनमें सिक्किम का राजकीय पुष्प डेंड्रोबियम नोबाइल (Dendrobium nobile) भी शामिल है।


ऑर्किडेरियम का शुभारंभ पिछले साल 2025 में 29 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के 50 वर्ष होने के अवसर पर किया था। उसी साल सितंबर माह से इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। सिक्किम सरकार के शहरी विकास विभाग द्वारा विकसित एवं राष्ट्रीय ऑर्किड अनुसंधान केंद्र के तकनीकी सहयोग से तैयार ऑर्किडेरियम को आर्किटेक्चर फर्म सैलिएंट ने डिजाइन किया है।

लगभग 38,000 वर्ग फुट में फैले इस आर्किडोरियम को विश्व का सबसे बड़ा कूल हाउस आर्किडोरियम और भारत का पहला कूल हाउस आर्किडोरियम कहा जाता है। वैसे तो ऑर्किड किसी पहचान का मोहताज नहीं है, फिर भी इस खिलखिलाते फूल से अनजान लोगों की जानकारी के लिए ऑर्किड आर्किडेशियाई (Orchidaceae) नाम का विशाल वनस्पति परिवार है। दुनिया में इसकी हजारों प्रजातियां हैं।


भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से संबद्ध विज्ञान और प्रौद्योगिकी उच्च अध्ययन संस्थान के अनुसार भारत में ऑर्किड की एक हजार से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं और इनमें करीब 850 प्रजातियां पूर्वोत्तर भारत में मिलती हैं। सिक्किम में ऑर्किड को ‘सुनाखरी’ के नाम से भी जाना जाता है जबकि पूर्वोत्तर में कपौ फूल एवं वांडा या बांदा जैसे नाम भी इसके लिए प्रचलित हैं।

जहां तक गंगटोक के ऑर्किडेरियम की बात है तो यह कोई सामान्य फूलों का पार्क भर नहीं है बल्कि हम इसे नियंत्रित वातावरण में ऑर्किड की विभिन्न प्रजातियों को भव्य अंदाज में देखने का जीवंत संग्रहालय कह सकते हैं। यहां प्रदर्शित लगभग 70 प्रतिशत पौधे जीवित ऑर्किड हैं, जबकि शेष हिस्से में दुनिया के विभिन्न भागों के ऑर्किड को समझाने वाले विस्तृत वनस्पति मॉडल हैं। 


यहां का सबसे बड़ा आकर्षण कांच का बना अद्भुत आर्किड हॉल है। जिसमें ऑर्किड अपनी तमाम प्रजातियों और बंधु बांधवों के साथ हंसता, मुस्कराता और खिलखिलाता नजर आता है जबकि ऑर्किड संग्रहालय में ऑर्किड की जैव-विविधता, संरक्षण और खेती की जानकारी दी गई है।

प्रकृति एवं विज्ञान का समन्वय यह ऑर्किडेरियम  यहां आने वाले पर्यटकों को फूलों की सुंदरता देखने के साथ यह भी बताता है कि हिमालय की जैव-विविधता कितनी अनमोल, खूबसूरत एवं विविधता लिए है।


ऐसा नहीं है कि ऑर्किड के प्रति आकर्षण केवल सिक्किम तक सीमित है। दुनिया के कई देशों में भी इसके संरक्षण और पर्यटकों की सुविधा के लिए बड़े उद्यान और वैज्ञानिक संग्रह विकसित किए गए हैं। सिंगापुर का नेशनल ऑर्किड गार्डन इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। वहां ऑर्किड की 1,500 से अधिक प्रजातियां हैं।

लेकिन, भारत में ऑर्किड का महत्व इसलिए विशेष है क्योंकि देश की कुल ऑर्किड विविधता का बड़ा हिस्सा पूर्वोत्तर में पाया जाता है। इस लिहाज से सिक्किम का ऑर्किडेरियम केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि पूर्वी हिमालय की वनस्पति विरासत को लोगों के सामने लाने वाला महत्वपूर्ण मंच है। यह सिक्किम की हरित एवं जैविक राज्य की छवि, सतत विकास और इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा दे रहा है। 


जंगल में किसी पेड़ की शाखा पर चुपचाप खिलता हुआ ऑर्किड शायद यह घोषणा नहीं करता कि वह कितना दुर्लभ है। वह बस खिलता है और देखने वालों के दिल में भी अपनी खूबसूरती की छाप छोड़ देता है । सिक्किम ने इसी हँसती, मुस्कराती सुंदरता को गंगटोक के इस ऑर्किडेरियम में एक खूबसूरत और भव्य घर दे दिया है…शायद इसीलिए ऑर्किड का स्थानीय नाम ‘सुनाखरी’ यहां इतना सटीक लगता है।


शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026

अंडमान की लाइम स्टोन केव्स: प्रकृति की अद्भुत कारीगरी !!

एक अद्भुत दुनिया.. जहां इंसानी शिल्पकला भी पूरी विनम्रता के साथ पराजय स्वीकार कर ले पर यहां तक पहुंचना किसी तपस्या से कम नहीं है। यह तपस्या सुबह चार बजे से शुरू होती है और ज़ाहिर है चार बजे किसी लंबी यात्रा पर निकलने के लिए घंटे दो घंटे पहले उठना ही पड़ेगा। जाहिर सी बात है कि अद्भुत दुनिया से रूबरू होने की राह इतनी आसान तो नहीं ही होगी । करीब दो घंटे की 100 किमी की सड़क यात्रा, घंटे भर की लिखा पढ़ी और फिर दो किस्तों में पहले फेरी से एवं बाद में स्पीड बोट से नीले समंदर की शोर मचाती उछलती लहरों पर सवारी..इसके बाद करीब दो किमी तक लकड़ी के पुल, कच्चे एवं ऊबड़ खाबड़ रास्ते पर पैदल यात्रा…तब जाकर मिलता है प्रकृति का ऐसा आश्चर्यजनक खजाना जो हमारी सफ़र की सारी थकान उतार देता है।


प्रकृति के इस नायाब खजाने में भगवान गणेश हैं, शंख है, देवी देवता, इंसान, हाथी, बंदर, जैली फिश और पता नहीं क्या क्या..हम देखते ही रह जाते हैं और हमारी आँखें आकृतियां बुनने एवं चुनने लगती हैं..वह भी मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में।आइए, अब इस खजाने के रहस्य की परतें खोलते हैं। हम बात कर रहे हैं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के बाराटांग (बारतांग) की अपनी तरह की इकलौती लाइम स्टोन केव्स यानि चूना पत्थर की गुफाओं की।


अब किसी को ये लग सकता है कि इन चूना पत्थर की गुफाओं में ऐसा क्या है कि घंटों के सफ़र और नींद खराब करके देखा जाए तो उनके लिए उत्तर यही है पहले आओ और खुद देख जाओ। दरअसल,अंडमान या यहां के विभिन्न द्वीपों की यात्रा केवल नीले समुद्र, सफेद रेत और नारियल-सुपारी के पेड़ों की यात्रा भर नहीं है बल्कि यह प्रकृति के ऐसे कई अद्भुत नजारों की यात्रा है जो संभवतः देश में आमतौर पर कहीं और देखने को नहीं मिलते।

इस मायावी दुनिया के सफर की शुरुआत अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर से शुरू होती है । सबसे पहले हम सड़क मार्ग से लगभग 100 किलोमीटर दूर ज़िरकाटांग पहुंचते हैं। यह रास्ता घने जंगल, पेड़ पौधों की सरसराहट, प्रकृति की मनमोहक खुशबू, पक्षियों के कलरव और एक कतार में एवं एक ही दिशा में चलती सौ गाड़ियों के काफिले के साथ करीब दो घंटे में पूरा होता है। ज़िरकाटांग में तमाम सुरक्षा औपचारिकताओं को पूरा कर हम फेरी में चढ़कर बाराटांग पहुंचते हैं। इस फेरी में हमारे साथ बस, ट्रक, मोटरसाइकिल भी सफर करती हैं..खैर, फेरी की कहानी फिर कभी। 

फेरी से बाराटांग पहुंचकर आगे की यात्रा स्पीड बोट से होती है। लहरों की अठखेलियों के साथ उछल कूद करती हमारी नाव जब मैंग्रोव वन में घुसती है तो वे झूम कर हमारा इस्तकबाल करते हैं। मैंग्रोव पेड़ों/झाड़ियों के बीच लहराती हमारी नाव गंतव्य तक पहुंच जाती है लेकिन असल यात्रा अब शुरू होती है जो हरे भरे पेड़ों के बीच समुद्र के पानी को लकड़ी के पुल से पार करके पूरी होती है। यहां तक पहुँचना अपने-आप में एक रोमांचक अनुभव है क्योंकि यह रास्ता घने जंगलों, समुद्री खाड़ियों और संकरे जलमार्गों से होकर गुजरता है।

नाव से उतरने के बाद लकड़ी के पुल से होते हुए करीब एक दो किलोमीटर पैदल चलकर हम बाराटांग की विश्वप्रसिद्ध लाइमस्टोन गुफाओं तक पहुंच जाते हैं। यहां से शुरू होता है प्रकृति की कारीगरी से साक्षात्कार..पहली नजर में हो सकता है कि आपको ये गुफाएं साधारण लग सकती हैं लेकिन जैसे-जैसे हम आगे कदम दर कदम बढ़ते हैं, प्रकृति अपनी सम्पूर्ण कलाओं के साथ पूरी शिद्दत एवं भव्यता के साथ सामने आती है। कहीं मंदिर के स्तंभ दिखते हैं, कहीं मूर्ति, कई इंसान,कहीं कमल और कहीं पत्थर की जमी हुई जलधारा।

ये गुफ़ाएँ इंसान की बनाई कोई इमारत नहीं हैं बल्कि प्रकृति की सैकड़ों साल की साधना और कला का नमूना हैं। चूने के पत्थरों की यह कारीगरी प्रकृति के विभिन्न तत्वों का लाखों वर्षों का खेल है इसमें समुद्री जीवों के खोल, कोरल, कंकाल, पानी, पेड़, रासायनिक क्रियाएं सब कुछ शामिल हैं। यहां बनी आकृतियां तकनीकी शब्दावली में ‘स्टैलेकटाइट’ और ‘स्टैलेग्माइट’ कहलाती हैं। मतलब गुफा की छत से लटकते पत्थर नुमा आकार प्रकार स्टैलेकटाइट और जमीन से ऊपर उठते पत्थरों के स्तंभ स्टैलेग्माइट कहलाते हैं। 

दरअसल, लाखों वर्षों में पानी की बूँदों के साथ घुला हुआ चूना/कैल्शियम पत्थर धीरे-धीरे जमा होता रहा और समय ने इन्हें यह अद्भुत आकार दे दिए। इन गुफाओं की सबसे रोचक बात यह है कि यहाँ बनने वाली संरचनाएँ बहुत धीमी गति से विकसित होती हैं—कभी-कभी एक सेंटीमीटर बनने में सैकड़ों साल लग जाते हैं। इसलिए हर आकृति वास्तव में समय का एक जीवंत दस्तावेज है। यहाँ पहुँचकर एहसास होता है कि समुद्र के इस दूरस्थ द्वीप में प्रकृति ने केवल सुंदरता ही नहीं, बल्कि समय की अद्भुत शिल्पकला भी सहेज कर रखी है।

बारातांग की ये गुफ़ाएँ अंडमान -निकोबार द्वीप समूह की सबसे बड़ी भूमिगत गुफ़ा प्रणाली का हिस्सा हैं । इन गुफाओं का रखरखाव करने वाले वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यहां इस तरह की करीब पौने दो सौ से ज़्यादा गुफाएं हैं लेकिन आम पर्यटक सिर्फ़ दो गुफाएं ही देख सकते हैं। बाकी गुफाएं घने जंगल में छिपी हैं। कहीं प्राकृतिक रूप से संरक्षित पक्षियों का बसेरा है तो कहीं पहुंच मार्ग नहीं है और किसी गुफा को अब तक टटोला ही नहीं गया है।

वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझे तो लाइमस्टोन गुफाओं का निर्माण एक धीमी और जटिल रासायनिक प्रक्रिया है जो लाखों-करोड़ों वर्षों में होती है। इसे स्पेलियोजेनेसिस (speleogenesis) कहते हैं। यहां दर्ज विवरण के मुताबिक बारिश का पानी जब वायुमंडल से गुजर कर आता है, तो उसमें कार्बन डाइऑक्साइड भी घुल जाती है। यह पानी मिट्टी में मिलकर सड़ते हुए पौधों और जीवों से और भी कार्बन डाइ ऑक्साइड हासिल करके कार्बोनिक अम्ल में बदल जाता है। यह अम्ल धीरे धीरे चूने की चट्टानों को घोलता जाता है और प्रकृति की अलग अलग कलाकृतियां बनने लगती हैं लेकिन यह एक दो नहीं बल्कि लाखों सालों की रासायनिक क्रिया का नतीजा है।

बाराटांग की इन गुफाओं तक पहुँचना केवल पर्यटन नहीं बल्कि प्रकृति के साथ एक संवाद जैसा अनुभव है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह आने वाले अधिकांश लोग समुद्र तटों की ओर आकर्षित होते हैं, लेकिन जो लोग प्रकृति के रहस्यों को करीब से देखना चाहते हैं, उनके लिए बाराटांग की लाइमस्टोन गुफाएँ एक अनोखा अनुभव हैं।


जब अचानक होने लगी 500 के नोटों की बारिश..और बन गई ‘मिसाल’ !!

आसमान से नोटों की बरसात हो रही है..जी हां, वाकई नोटों की बारिश और नोट भी कोई 10, 20 या 50 के नहीं बल्कि पांच-पांच सौ के नोट। नोटों की बारिश ...