सोमवार, 9 नवंबर 2026

पर्व नहीं, आस्था के जरिए आजीविका का भारतीय मॉडल

हमारे पूर्वजों ने भले ही आज के दौर के विद्वानों की तरह अर्थशास्त्र के बड़े बड़े व्याख्यान नहीं दिए लेकिन उन्होंने जीवन के अर्थशास्त्र को इतनी अच्छी तरह से समझ लिया था कि उसमें बारिश जैसे बिना कामकाज  वाले महीनों में भी हर वर्ग के लिए पेट भरने और अपने परिवार के पालन पोषण के तमाम विकल्प शामिल थे। उन्होंने भारतीय पारंपरिक अर्थव्यवस्था को इस तरह व्यवस्थित किया कि कुम्हार के चाक से लेकर सुनार की हथौड़ी, बुनकर की करघे की खटखट से लेकर बांस कारीगर की छुरी और किसान के हल तक, हर हाथ को समाज की जरूरत से जोड़ा जा सके। यही कारण है कि भारतीय संस्कृति में पर्व कभी अकेले नहीं आते; उनके साथ बाजार आता है, शिल्प आता है, लोकगीत आते हैं, रिश्ते आते हैं और सबसे बढ़कर किसी न किसी के घर में चूल्हा जलाने का अवसर आता है।

यही वजह है कि भारत के पारंपरिक पर्वों को यदि केवल पूजा-पाठ, व्रत और उत्सव के चश्मे से देखा जाए तो उनकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका हमारी नजर से छूट जाती है। भारतीय लोकजीवन में पर्व दरअसल सामाजिक अर्थव्यवस्था के छोटे-छोटे पहिए हैं। हमारी परंपराओं ने आस्था को ऐसी रोजमर्रा की जरूरतों और स्थानीय शिल्प से जोड़ा कि साल के अलग-अलग मौसम में अलग-अलग समुदायों के हाथों में काम आता रहे। खासकर वर्षा के इन चार महीनों में, जब गांवों में खेती के अलावा दूसरे रोजगार सीमित हो जाते थे, पर्वों का यह चक्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गतिमान रखने का अनूठा तरीका था।


मसलन, दीपावली पर मिट्टी के दिए, लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां, प्राकृतिक संसाधनों से बने तोरण, पुताई/ रंग रोगन से हजारों परिवारों की रोजी रोटी चलती है। इसके पहले, मध्य भारत में महालक्ष्मी व्रत के अवसर पर मिट्टी के हाथी और अन्य पारंपरिक आकृतियां बनाने की परंपरा है।  एक साधारण से मिट्टी के हाथी के पीछे कुम्हार के चाक की गति, मिट्टी खोदने वाले हाथ, उसे आकार देने वाला हुनर और बाजार तक पहुंचाने वाले परिवार की आजीविका भी जुड़ी है।

इसी तरह संतान सप्तमी जैसे पर्वों में चांदी के कड़े, आभूषण और पूजन-सामग्री की मांग स्थानीय सुनारों को काम देती है। हलषष्ठी या हलछठ में खेती, हल, पशुधन और ग्रामीण जीवन का गहरा संबंध दिखाई देता है। कई क्षेत्रों में इस दिन खेत में हल से उगाई गई उपज से परहेज और तालाब या जलस्रोतों से मिलने वाली चीजों के सेवन की परंपरा है, गाय के दूध-दही के स्थान पर भैंस के दूध-दही का उपयोग भी कई क्षेत्रों में किया जाता है यानी एक पर्व एक साथ किसान, पशुपालक और ग्रामीण दुग्ध-व्यवस्था की ओर समाज का ध्यान खींचता है। लोककथाओं में हलछठ से जुड़ी ग्वालिन की कथा भी इस बात का संकेत देती है कि दूध-दही बेचने वाला ग्रामीण समुदाय इस पर्व की सांस्कृतिक स्मृति का हिस्सा रहा है।

यही कहानी देश के दूसरे हिस्सों में अलग-अलग रूपों में दिखाई देती है। गणेश चतुर्थी महाराष्ट्र में केवल भगवान गणेश की स्थापना का उत्सव नहीं है; मिट्टी की प्रतिमाएं बनाने वाले मूर्तिकारों, रंग-रोगन करने वालों, सजावट करने वालों, फूलवालों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों के लिए यह बड़ा मौसमी बाजार बनता है। बंगाल की दुर्गापूजा में महीनों पहले से कुम्हारटोली के मूर्तिकारों के हाथ सक्रिय हो जाते हैं। मिट्टी, पुआल, बांस, रंग, कपड़ा और सजावटी सामग्री के साथ कई तरह के श्रम और कारोबार जुड़ जाते हैं। रक्षाबंधन का पर्व भाई बहन के स्नेह के साथ फल, मिठाई,कपड़े सहित तमाम व्यवसायों को गति देता है।

वहीं, दक्षिण भारत में पोंगल के दौरान फसल के साथ मिट्टी के नए बर्तनों, सजावटी वस्तुओं, गन्ने और ग्रामीण बाजार की मांग बढ़ती है। बैलों और कृषि उपकरणों को सम्मान देने की परंपरा खेती और पशुधन की उस अर्थव्यवस्था को सांस्कृतिक सम्मान देती है, जिस पर ग्रामीण समाज टिका रहा है। इसी तरह असम का बिहू, केरल का ओणम और कर्नाटक का सुग्गी कृषि-चक्र, स्थानीय भोजन, हस्तशिल्प, वस्त्र और ग्रामीण बाजारों को उत्सव से जोड़ते हैं। भारत सरकार के पर्यटन पोर्टल पर भी ओणम, मकर संक्रांति और विभिन्न क्षेत्रीय उत्सवों को स्थानीय संस्कृति, भोजन, कला और सामुदायिक जीवन से जुड़ा हुआ बताया गया है।

बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश का छठ तो लोक-अर्थव्यवस्था का अद्भुत उदाहरण है। व्रत के लिए सूप और टोकरी जैसे बांस के उत्पाद चाहिए। इससे बांस और हस्तशिल्प से जुड़े परिवारों को बाजार मिलता है। मिट्टी के दीये, दीपदान और पूजा की अन्य वस्तुएं बनाने वाले कुम्हारों के लिए भी दीपावली और छठ का समय महत्वपूर्ण होता है। 


राजस्थान और उत्तर भारत की तीज-गणगौर में लाख की चूड़ियां, श्रृंगार सामग्री, वस्त्र, मेहंदी और हस्तशिल्प की मांग बढ़ती है। पंजाब की लोहड़ी में पारंपरिक खाद्य पदार्थों और स्थानीय बाजारों को गति मिलती है। गुजरात का नवरात्र और गरबा वस्त्र, आभूषण, हस्तनिर्मित सजावटी सामग्री और स्थानीय कलाकारों के लिए बाजार बनाता है। ओडिशा की रथयात्रा, तमिलनाडु के मंदिर उत्सव, केरल के मंदिर-उत्सव और पूर्वोत्तर के अनेक पर्व भी स्थानीय कलाकारों, बुनकरों, कारीगरों, फूल उत्पादकों और छोटे व्यापारियों को मांग उपलब्ध कराते हैं।

हिमाचल प्रदेश के लोक पर्वों और उत्सवों में तो स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक कारीगरों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। यहाँ त्योहार केवल धार्मिक या सामाजिक मिलन के साधन नहीं हैं, बल्कि ये राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। हिमाचल में ग्रामीण त्योहारों और मकर संक्रांति या बैशाखी पर नए कृषि औजारों की पूजा होती है। इन औजारों को बनाने वाले स्थानीय लोहार और बढ़ई त्योहारों के समय बेहद सक्रिय होते हैं। वहीं, ठंड के त्योहारों जैसे लोसर या माघी के लिए पारंपरिक बुनकर कई महीने पहले से गर्म कपड़े, शॉल और कालीन तैयार करते हैं।

हिमाचल के त्योहारों में देवी-देवताओं के रथ और 'मोहरे' (धार्मिक मुखौटे) निकाले जाते हैं। इन मोहरों और रथों को सुंदर रूप देने का काम स्थानीय अष्टधातु शिल्पकार करते हैं। इतना ही नहीं, हिमाचल की मेला संस्कृति भी स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने का अहम माध्यम है। जैसे रामपुर का लवी मेला, चंबा का मिंजर मेला, सिरमौर का रेणुका जी मेला और मंडी का महाशिवरात्रि उत्सव जैसे ऐतिहासिक मेले सदियों से व्यापारिक केंद्र रहे हैं। 


यहां एक महत्वपूर्ण बात समझने की जरूरत है। इन परंपराओं को आधुनिक अर्थशास्त्र की भाषा में भले ही योजनाबद्ध 'रोजगार गारंटी' कहना शायद ठीक नहीं होगा लेकिन यह जरूर कहा जा सकता है कि भारतीय पर्वों की संरचना में स्थानीय श्रम और उत्पादन को लगातार मांग देने की एक स्वाभाविक व्यवस्था थी। वर्ष के अलग-अलग समय पर अलग-अलग चीजों की जरूरत पैदा होती थी और उस जरूरत को पूरा करने वाले समुदायों को काम मिलता था। इसीलिए भारत का पारंपरिक कैलेंडर केवल तिथियों का कैलेंडर नहीं था, वह काम का कैलेंडर भी था।

आज जब मशीन से बनी एक जैसी वस्तुएं बाजार पर छा रही हैं और पारंपरिक शिल्प कई जगह संकट में हैं, तब इन पर्वों की इस लोक-अर्थव्यवस्था को फिर से समझने की जरूरत है। भारत में हस्तशिल्प और हथकरघा से जुड़े लाखों कारीगरों की आजीविका इस व्यापक सांस्कृतिक अर्थव्यवस्था से जुड़ी है। पर्व यदि स्थानीय मिट्टी, स्थानीय कारीगर और स्थानीय बाजार से फिर जुड़ें, तो उत्सव मनाने के साथ-साथ गांव की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो सकती है।

इसलिए, जब भी हम किसी स्थानीय पर्व पर बाजार में  बिकते जाने अनजाने उत्पाद देखें तो यह न भूले कि हम केवल एक परंपरा निभा नहीं रहे होते बल्कि हम किसी हुनर को जीवित रख रहे होते हैं। भारतीय पर्वों की खूबसूरती यही है कि यहां भगवान की पूजा के साथ उस हाथ की भी अनकही पूजा होती है, जिसने पूजा की सामग्री बनाई है क्योंकि इन पर्वों के प्रति आस्था किसी कारीगर के घर की रोजी रोटी भी बनकर आती है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

पर्व नहीं, आस्था के जरिए आजीविका का भारतीय मॉडल

हमारे पूर्वजों ने भले ही आज के दौर के विद्वानों की तरह अर्थशास्त्र के बड़े बड़े व्याख्यान नहीं दिए लेकिन उन्होंने जीवन के अर्थशास्त्र को इतन...