रविवार, 29 नवंबर 2026

शिमला की असल पहचान है हिमाचल की अपनी संस्कृति !!


शिमला के मॉल रोड पर घूमते हुए अचानक यदि आपकी नजर एक विशाल लाल रंग के चमकते सेब पर पड़ जाए और उस पर लिखा हो ‘हिमाचल – एप्पल स्टेट ऑफ इंडिया’, तो क्या आप उसके साथ एक सेल्फी लेना पसंद नहीं करेंगे? या फिर स्कैंडल पॉइंट पर हिमाचली आन बान और शान की प्रतीक एक बड़ी-सी रंग-बिरंगी टोपी आपका स्वागत करे तो कैसा लगेगा? जरा कल्पना कीजिए, शहर में कहीं लगा एक विशाल चंबा रुमाल, कहीं पारंपरिक चंबा थाल, कहीं हिमाचली सिड्डू की कलाकृति और कहीं बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच खड़े देवदार का खूबसूरत शिल्प। ये सिर्फ कलाकृतियां नहीं होंगी, बल्कि हिमाचल की पहचान के छोटे-छोटे जीवंत परिचय बन सकते हैं।

दरअसल, किसी पर्यटन स्थल की खूबसूरती केवल उसके प्राकृतिक नजारों, ऊंचे पहाड़ों और ऐतिहासिक इमारतों से नहीं होती। वहां की स्थानीय संस्कृति, परंपराएं, खानपान, हस्तशिल्प और लोकजीवन भी उस जगह को एक अलग पहचान देते हैं। पर्यटन की असली खूबसूरती भी इसी मेल में छिपी है।

दरअसल, यह बात इसलिए निकली क्योंकि शिमला नगर निगम ने देश के अन्य शहरों की तर्ज पर कबाड़ में पड़े लोहे और स्टील का उपयोग कर दुनिया के सात अजूबों की प्रतिकृतियां तैयार करवाई थीं। इसके पीछे सोच अच्छी थी। कबाड़ को कलाकृति में बदलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना और पर्यटन के लिए नए सेल्फी प्वाइंट विकसित करना जैसे मध्यप्रदेश के भोपाल- जबलपुर में, उत्तरप्रदेश के कई शहरों में, तमिलनाडु के कोयंबटूर में या अन्य कई शहरों में कबाड़ से सितार,गिटार, टेलीफोन जैसी तमाम कलाकृतियां बनाई और लगाई गई हैं। 

इन सात अजूबों की कलाकृतियों की स्थापना के लिए शिमला का ऐतिहासिक रिज और मॉल रोड चुना गया लेकिन स्थानीय लोगों और विरासत प्रेमियों ने इस बात पर आपत्ति जताई। उनका मानना था कि मॉल रोड और रिज की अपनी ऐतिहासिक पहचान है। यहां ऐसी कलाकृतियां स्थापित करना, जिनका शिमला की स्थानीय संस्कृति या इतिहास से कोई संबंध नहीं है, इस विरासत की खूबसूरती को प्रभावित कर सकता है। स्टेट हेरिटेज कमेटी ने भी रिज और मॉल रोड पर इन्हें स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी।

इस पूरे घटनाक्रम ने इस महत्वपूर्ण विचार को जन्म दिया है कि यदि कबाड़ से कलाकृतियां बनाकर पर्यटन को आकर्षित किया जा सकता है तो क्यों न इन कलाकृतियों के स्थान पर हिमाचल की पहचान को ही प्रदर्शित किया जाए। मसलन स्कैंडल पॉइंट पर एक विशाल चमकदार लाल/हरे सेब की कलाकृति हो सकती है। यह केवल एक सेल्फी प्वाइंट नहीं होगा, बल्कि हिमाचल की बागवानी अर्थव्यवस्था का प्रतीक भी बनेगा।

 इसी तरह, हिमाचली टोपी की एक विशाल प्रतिकृति प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता का परिचय दे सकती है। चंबा का रुमाल, कांगड़ा की लघु चित्रकला, कुल्लू की शॉल और किन्नौरी आभूषणों को कलात्मक रूप में प्रदर्शित किया जा सकता है। कहीं विशाल सिड्डू हो तो कहीं जापानी फल। पर्यटक इनके साथ तस्वीरें खिंचवाएंगे तो अनजाने में ही प्रदेश के खानपान और हस्तशिल्प का प्रचार भी होगा।

इतना ही नहीं, रिज पर एक कलाकृति ऐसी भी हो सकती है, जिसमें हिमाचल के अलग-अलग क्षेत्रों की पारंपरिक वेशभूषा में सजे स्त्री-पुरुष दिखाई दें। किसी स्थान पर बर्फ से ढकी चोटियों और देवदार के जंगलों की कलात्मक आकृति हो तो किसी अन्य जगह पर हिमाचल के देवी-देवताओं की पारंपरिक मुखौटा कला को स्थान मिले। ऐसी कलाकृतियां पर्यटकों को केवल आकर्षित ही नहीं करेंगी, बल्कि उन्हें यह जानने के लिए भी उत्सुक करेंगी कि इन प्रतीकों के पीछे कौन-सी परंपरा और कहानी छिपी है।

यह विचार केवल शिमला तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हिमाचल प्रदेश के दूसरे पर्यटन स्थलों पर भी स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक विशेषताओं के अनुरूप सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जा सकते हैं। इस तरह हर पर्यटन स्थल की अपनी एक थीम हो सकती है। पर्यटक एक शहर से दूसरे शहर जाएंगे तो उन्हें हर जगह कुछ नया देखने को मिलेगा। इससे पर्यटन केवल प्राकृतिक नजारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय इतिहास, कला और संस्कृति को जानने का माध्यम भी बनेगा।

इस पूरी पहल में एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि कलाकृतियां बनाते समय पर्यावरण संरक्षण को केवल संदेश तक सीमित न रखा जाए। जिस तरह शिमला में कबाड़ के लोहे और स्टील से सात अजूबे तैयार किए गए, उसी तरह स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनुपयोगी सामग्री, पुराने लकड़ी के टुकड़ों, धातु और पुनर्चक्रित सामग्री से हिमाचली संस्कृति पर आधारित कलाकृतियां बनाई जा सकती हैं।

इनमें स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और कला संस्थानों की भागीदारी होनी चाहिए। इससे न केवल उनकी कला को पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। आज के दौर में पर्यटन और सोशल मीडिया का गहरा संबंध है। पर्यटक किसी खूबसूरत जगह पर पहुंचते हैं तो वहां की तस्वीरें और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करना चाहते हैं। यही वजह है कि सेल्फी प्वाइंट पर्यटन स्थलों की लोकप्रियता बढ़ाने का एक माध्यम बन गए हैं। 

इस दिशा में उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज़ पर एक और प्रयोग किया जा सकता है। इसमें प्रत्येक कलाकृति के पास एक छोटा-सा क्यूआर कोड लगाया जाए, जिसे स्कैन करते ही पर्यटक उस कलाकृति, उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उससे जुड़ी परंपरा और स्थानीय कलाकार के बारे में हिंदी तथा अंग्रेजी में जानकारी प्राप्त कर सकें। 

हालांकि इस पूरी अवधारणा को लागू करते समय एक बात का ध्यान रखना बेहद जरूरी है कि हर खाली जगह को किसी कलाकृति से भर देना सौंदर्यीकरण नहीं होता। शिमला की अपनी वास्तुकला, पुराने भवन, देवदार के पेड़, पहाड़ी रास्ते और खुले दृश्य ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। मॉल रोड और रिज जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर किसी भी नए निर्माण या स्थापना से पहले विरासत विशेषज्ञों, स्थानीय नागरिकों, कलाकारों और पर्यावरणविदों की राय ली जानी चाहिए।





कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

शिमला की असल पहचान है हिमाचल की अपनी संस्कृति !!

शिमला के मॉल रोड पर घूमते हुए अचानक यदि आपकी नजर एक विशाल लाल रंग के चमकते सेब पर पड़ जाए और उस पर लिखा हो ‘हिमाचल – एप्पल स्टेट ऑफ इंडिया’,...