सादगी और सौंदर्य का संगम हैवलॉक द्वीप
हैवलॉक आइलैंड.. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का सबसे लोकप्रिय और सुंदर द्वीप है। यह पोर्ट ब्लेयर से लगभग 60-70 किमी दूर स्थित है। यह द्वीप अपने सफेद रेत के बीच, जैसे कि प्रसिद्ध राधानगर बीच एवं काला पत्थर बीच और वाटर स्पोर्ट्स के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है।
इस द्वीप की सबसे बड़ी पहचान है राधानगर बीच। यह समुद्र तट अपनी सफेद रेत और शांत वातावरण के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। यहाँ शाम का सूर्यास्त एक ऐसा दृश्य रचता है जिसे शब्दों में बाँधना कठिन है। डूबते सूरज की लालिमा जब समुद्र के पानी पर फैलती है, तो पूरा वातावरण किसी चित्र की तरह सजीव हो उठता है।
हैवलॉक द्वीप का नाम ब्रिटिश शासनकाल में हेनरी हैवलॉक के नाम पर रखा गया था। वे 1857 के विद्रोह के समय ब्रिटिश सेना के एक प्रमुख अधिकारी थे। लेकिन आजादी के बाद इस द्वीप को भारतीय स्वाधीनता संग्राम की स्मृति से जोड़ते हुए इसका नाम बदलकर स्वराज द्वीप कर दिया गया, जो स्वतंत्रता और आत्मगौरव का प्रतीक है।इस द्वीप की सबसे बड़ी खूबी इसकी सादगी है। यहाँ बड़े शहरों की भीड़-भाड़ नहीं, बल्कि प्रकृति की शांत ध्वनियाँ सुनाई देती हैं—लहरों की आवाज, हवा में झूमते नारियल के पेड़ों की सरसराहट और दूर-दूर तक फैली हरियाली। सुबह के समय जब सूरज की पहली किरणें समुद्र पर पड़ती हैं, तो लगता है जैसे पूरा द्वीप सुनहरी रोशनी से नहा गया हो।
हैवलॉक द्वीप अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, निर्मल समुद्र तटों और जीवंत प्रवाल भित्तियों (Coral Reef) के लिए प्रसिद्ध है। काला पत्थर बीच का नाम इसके तट पर बिखरी बड़ी-बड़ी काली चट्टानों के कारण पड़ा है। दरअसल, सफेद रेत और नीले-हरे पानी के साथ ये प्राकृतिक काली चट्टानें एक गहरा विरोधाभास बनाती हैं। इसके अलावा, यह बीच, काला पत्थर गाँव के समीप स्थित है। इस वजह से भी इसका नाम शायद काला पत्थर हो गया ।हैवलॉक द्वीप केवल सुंदरता ही नहीं, रोमांच का भी केंद्र है। यहाँ समुद्र के भीतर छिपी दुनिया को देखने का मौका मिलता है। रंग-बिरंगी मछलियाँ, मूंगे की चट्टानें और पारदर्शी पानी—सब मिलकर ऐसा अनुभव देते हैं जैसे कोई जादुई संसार हो।
यहाँ का एलीफेंट बीच विशेष रूप से स्कूबा डाइविंग और स्नॉर्कलिंग के लिए प्रसिद्ध है। समुद्र के भीतर उतरकर जब प्रवाल भित्तियों और जीवंत समुद्री जीवन को देखा जाता है तो एहसास होता है कि प्रकृति ने पानी के नीचे भी एक अलग ही दुनिया रच रखी है।
हैवलॉक द्वीप केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक अनुभव है—प्रकृति के करीब जाने का अनुभव, समुद्र की गहराइयों को महसूस करने का अनुभव और जीवन की भागदौड़ से दूर कुछ शांत क्षण बिताने का अनुभव।
जब कोई यात्री इस द्वीप से वापस लौटता है, तो उसके साथ केवल तस्वीरें ही नहीं, बल्कि समुद्र की लहरों की आवाज और उस शांत वातावरण की यादें भी लौटती हैं। शायद यही वजह है कि जो एक बार हैवलॉक द्वीप जाता है, उसके मन में यह जगह हमेशा के लिए बस जाती है।
#IslandLife #beachvibes #beach #beachlife





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें