धूप और बर्फीली हवाओं में कुश्ती!!

 


मैदानी शहरों में भले ही पारे ने 30 डिग्री तक छलांग लगाकर गर्मी की आमद की आहट दर्ज करा दी हो लेकिन पहाड़ों पर  सर्दी और गर्मी के बीच कुश्ती जारी है। जब धूप जोर मारती है तो सड़कों के किनारे जमा बर्फ की मोटी परत भी सिसकने लगती है और शरीर में लिपटी कपड़ों की लेयर चुभने लगती हैं।

..लेकिन जैसे ही बर्फीली हवाओं को मौका मिलता है वे धूप को दबोच लेती हैं बिल्कुल वैसे ही जैसे कबड्डी में रेडर को दूसरी टीम के खिलाड़ी दबोचते हैं। फिर क्या है..बर्फीली हवाओं के आगोश में आकर धूप भी ठंडी हो जाती है और कपड़ों की लेयर हमारा सुरक्षा कवच। 


अधिकतम 15 डिग्री से लेकर न्यूनतम 1 डिग्री सेल्सियस के बीच सर्दी गर्मी की इस धमा चौकड़ी में आपको हर वक्त तैयार रहना पड़ता है। दक्षिण भारत और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में आ रहे सैलानियों के लिए तो अभी भी शायद यह कड़ाके की ठंड है इसलिए वे पूरे जिरह बख्तर मतलब ऊनी कपड़ों के साथ आते हैं इसलिए पहाड़ी इलाके उनकी रंग बिरंगी ऊनी टोपियों, मफलर और स्वेटर से गुलजार हैं।


...जबकि हनीमून कपल के लिए शायद यह मौसम सबसे मुफीद है इसलिए शादी के बाद लगता है वे सीधे पहाड़ों पर भाग रहे हैं । यही कारण है कि रोज और सप्ताहांत में जोड़े/ नव युगल बरसात के बादलों की तरह उमड़ घुमड़ रहे हैं...कुल मिलाकर, आपको भी पहाड़ों के बसंत से रूबरू होना है तो बस, निकल आइए।


#wintervibes #summervibes #mountains #himachalpradesh  #shimla

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आज ‘भारत रत्न’ तो कल शायद ‘परमवीर चक्र’ भी!

कुछ तो अलग था हमारे वेद में .....!

...सुकून संक्रामक है !!