मध्यप्रदेश के दो अद्भुत और सबसे बड़े महादेव..!!


महाशिवरात्रि पर आज मध्यप्रदेश के दो सबसे बड़े शिवलिंग की बात..भगवान शंकर के ये दोनों स्थान अपने शिवलिंग के बड़े आकार भर के कारण नहीं बल्कि महत्व के कारण भी प्रसिद्ध हैं इसलिए यहां महाशिवरात्रि पर आस्था का सैलाब उमड़ता है।

इनमें से एक है रायसेन जिले में और भोपाल के करीब स्थित भोजपुर मंदिर। यह मंदिर भारतीय वास्तुकला का उत्कृष्ट उदाहरण है। चार विशाल स्तंभों वाले इस मंदिर का शिवलिंग इतना बड़ा है कि पूजा के लिए सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। यह शिवलिंग एक ही विशाल चट्टान से तराशा गया है, जो दुनिया के सबसे बड़े शिवलिंगों में से एक माना जाता है। 


यहां शिवलिंग की ऊंचाई करीब 7.5 फीट और आधार सहित कुल ऊंचाई 40 फीट से अधिक है जबकि मंदिर 115 फीट लंबा, 82 फीट चौड़ा और लगभग 13 फीट ऊंचे चबूतरे पर बना है। यहां का विशाल द्वार और मंदिर का अधूरापन भी प्रमुख आकर्षण है।

बताया जाता है कि 11वीं शताब्दी में परमार वंश के महान राजा भोज द्वारा इस मंदिर का निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन उस समय मंदिर के मुख्य भाग और गर्भगृह का काम ही पूरा हुआ। इसे "उत्तर भारत का सोमनाथ" भी कहा जाता है। भोजपुर मंदिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित हर और यह यूनेस्को की अस्थायी विश्व धरोहर सूची में भी शामिल है ।

दूसरा है छतरपुर जिले के खजुराहो में स्थित मतंगेश्वर महादेव मंदिर। इस मंदिर में स्थापित विशाल शिवलिंग के बारे में लोक मान्यता है कि हर साल शिवलिंग की लंबाई करीब एक इंच बढ़ रही है और मान्यता यह भी है कि जब यह शिवलिंग पाताल लोक तक पहुंच जाएगा, तब कलयुग का अंत हो जाएगा। शिवलिंग अभी करीब 9 फीट ऊंचा है और कहा जाता है कि इतना ही यह नीचे की ओर भी है।

यह मंदिर खजुराहो के पश्चिमी समूह के मंदिरों में से एक है और इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल के रूप में भी मान्यता प्राप्त है। यह मंदिर भी 11वीं शताब्दी में चंदेली शासकों द्वारा बनाया गया था। यहां विराजमान विशाल शिवलिंग को मृत्युंजय महादेव के नाम से भी जाना जाता। यह आज भी सक्रिय रूप से पूजा-अर्चना वाला यहां का एकमात्र प्राचीन मंदिर है क्योंकि खजुराहो के अन्य मंदिर मुख्य रूप से पुरातात्विक स्मारक हैं।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कुछ तो अलग था हमारे वेद में .....!

आज ‘भारत रत्न’ तो कल शायद ‘परमवीर चक्र’ भी!

देश की सबसे रोमांचक और खतरनाक सड़क पर सफ़र !!